भात-भाइप अउर पूरी का नेउता : भोजन में बसती है रिश्तों की मिठास

भात-भाइप अउर पूरी का नेउता : भोजन में बसती है रिश्तों की मिठास

भारतीय ग्रामीण समाज में भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं रहा — यह संबंधों, विश्वास और सामाजिक मर्यादाओं का दर्पण भी है।
गांवों में आज भी “भात-भाइप चलता है” जैसी कहावतें सुनाई देती हैं, जो यह बताती हैं कि कौन अपना है और कौन पराया।
भोजन, खासकर “भात” और “पूरी ( पूड़ी )” का नेउता, एक सामाजिक संकेत की तरह काम करता है — अपनापन, विश्वास और परंपरा का प्रतीक।

भात-भाइप की परंपरा: अपनेपन का स्वाद

गांवों में जब कोई कहता है “भात भाइप चलता है”, तो इसका अर्थ होता है कि उनके बीच आत्मीयता और अपनापन है।
“भात” यानी पका हुआ चावल।इसके साथ दाल, बड़ा आदि — यह भोजन अपने खास लोगों, परिवार और करीबी रिश्तेदारों के लिए होता है।
इसीलिए इसे “कच्चा भोजन” कहा गया, क्योंकि इसे केवल अपने घर-परिवार के लोग ही बना और खा सकते हैं।

भले ही यह पका हुआ होता है, परंतु इसे “कच्चा” इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह जल्दी खराब हो जाता है।
पहले के समय में न फ्रिज थे, न संरक्षित करने के साधन।
दाल-भात कुछ घंटों में ही अपना स्वाद खो देता था और गर्मी में जल्दी खराब भी हो जाता था।
इसलिए यह भोजन तभी बनाया जाता था जब खाने वाले लोग पहले से मौजूद हों — यानी अपने घर या नज़दीकी लोग।

भात-दाल सस्ता, सरल और जल्दी बनने वाला भोजन था।
गरीब से गरीब परिवार भी अपने संबंधियों के साथ इसे बना सकता था।
यह भोजन सादगी का नहीं, बल्कि सच्चे रिश्ते का प्रतीक था — जो अपनेपन में ही परोसा जा सकता था।

पूरी का नेउता: पक्का भोजन,

इसके विपरीत “पूरी-सब्जी, बूंदी, अचार, मिठाई” वाला भोजन “पक्का भोजन” कहलाता है।
यह बड़े आयोजनों या समाज के सभी लोगों को खिलाया जाता है।

तेल या घी में तला हुआ भोजन जल्दी खराब नहीं होता, इसलिए इसे पहले से बनाकर रखा जा सकता है।
यही कारण था कि विवाह, जनेऊ या अन्य समारोहों में “पूरी का नेउता” दिया जाता था।
यह आयोजन केवल खान-पान नहीं, बल्कि समाज से जुड़ाव का प्रतीक था।

पक्का भोजन स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ होता है।
इसलिए दूर-दूर से आए मेहमानों को भी आराम से खिलाया जा सकता है।
जहाँ भात अपनापन दिखाता है, वहीं पूरी सामाजिक विस्तार का प्रतीक है।

भात और पूरी के बीच का सामाजिक संतुलन

इन दोनों प्रकार के भोजन में केवल स्वाद का फर्क नहीं, बल्कि सामाजिक सोच का भी फर्क था।
कच्चे भोजन को केवल अपने लोग खाते थे — क्योंकि उसमें विश्वास की आवश्यकता थी।
जबकि पक्का भोजन किसी भी मेहमान या समाज के व्यक्ति को परोसा जा सकता था — क्योंकि यह सुरक्षित और टिकाऊ था।

कुछ समाजों में “कोदई(कोदौ) भाजी” या “भात-भाजी” जैसी परंपराएँ सामाजिक नियमों से जुड़ी थीं।
यदि कोई व्यक्ति समाज के नियमों का उल्लंघन करता, तो उसे “भात-भाजी” का दंड दिया जाता था —
यानि, उसे पूरे समाज को यह भोजन कराना होता था ताकि वह फिर से समाज में स्वीकार किया जा सके।

विवाह और खिचड़ी की रस्म

विवाह के बाद नववधू द्वारा परिवार और रिश्तेदारों को खिचड़ी खिलाने की परंपरा भी इसी विश्वास से जुड़ी है।
यह प्रतीक होता था कि अब वह इस परिवार की सदस्य बन गई है और उसके हाथों का भोजन सभी स्वीकार कर रहे हैं।
यह “खिचड़ी” केवल भोजन नहीं, बल्कि विश्वास और स्वीकार्यता की रस्म थी।

भोजन में छिपा विज्ञान और संस्कृति

भोजन का यह भेद केवल सामाजिक नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी समझदारी भरा था।
भात-दाल जैसे खाद्य पदार्थ जल्दी खराब होते हैं, इसलिए केवल सीमित लोगों के लिए बनाए जाते थे।
वहीं, पूरी, अचार, मिठाई जैसे तले या मीठे पदार्थ लंबे समय तक सुरक्षित रहते थे।
यानी, हमारे पूर्वजों ने सामाजिक नियमों में स्वास्थ्य और विज्ञान दोनों को जोड़ा था।

भोजन जो जोड़ता है दिलों को

भात और पूरी का यह भेद केवल रसोई का नहीं, बल्कि रिश्तों का दर्पण है।
जहाँ “भात-भाई और भाइप” आत्मीयता और विश्वास का प्रतीक है, वहीं “पूरी का नेउता” समाज के विस्तार और सम्मान का।
समय भले ही बदल गया हो, पर इन परंपराओं की खुशबू आज भी हमारे गांवों, रिश्तों और दिलों में रची-बसी है।

अजय नारायण त्रिपाठी “ अलखू ”

10 अक्टूबर 2025

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *