मुख्यमंत्री ने त्योंथर को दी 162.31 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात
त्योंथर उत्तर प्रदेश के लिए मध्यप्रदेश का प्रवेश द्वार है
मुख्यमंत्री ने की त्योंथर के सिविल अस्पताल को सौ बिस्तरों के अस्पताल में उन्नयन की घोषणा
मुख्यमंत्री ने त्योंथर में आईटीआई तथा 400 एकड़ में औद्योगिक विकास केंद्र के निर्माण की घोषणा की
टमस नदी में बनेगा नदी कॉरिडोर
गैस प्लांट की स्थापना से पराली की समस्या दूर होगी और किसानों को मिलेगा लाभ
त्योंथर में औद्योगिक निवेश से पूरे विंध्य का होगा विकास

रीवा 19 सितंबर 2025 .मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के चाकघाट कृषि उपज मंडी में आयोजित विंध्य विकास संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए मध्यप्रदेश का प्रवेश द्वार है। यहां टमस नदी की अपार जलराशि और पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। यहां शीघ्र ही औद्योगिक विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे औद्योगिक विकास होगा। जबसे डबल इंजन की सरकार बनी है तबसे पूरे प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। मैं पिछले साल ही त्योंथर आना चाहता था, लेकिन नहीं आ सका। त्योंथर के यशस्वी पूर्व विधायक तथा विधानसभा अध्यक्ष श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी के जन्मदिन पर भी मुझे यहां आना था, लेकिन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अपना जन्मदिन मनाने के लिए मध्यप्रदेश के आदिवासियों और गरीबों के बीच में 17 सितंबर को आए। प्रधानमंत्री जी ने 200 एकड़ क्षेत्र में देश के सबसे बड़े टेक्सटाइल पार्क की नींव रखी। इससे 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंच पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी संस्थान द्वारा 125 करोड़ रुपए की लागत से कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की स्थापना की जा रही है। इसका आज भूमि पूजन किया गया है। इससे क्षेत्र की धान की पराली और भूसे की समस्या से निजात मिलेगी। किसानों को फसल के साथ-साथ फसल अवशिष्ट के भी दाम मिलेंगे। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे हर साल 18000 टन खाद का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने त्योंथर सिविल अस्पताल में 50 बिस्तर को 100 बिस्तरों में उन्नयन करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योंथर में आईटीआई तथा 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास केंद्र का निर्माण किया जाएगा मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के शिकार दिवंगत जिला पंचायत सदस्य इंजीनियर जीना वर्मा के परिवारजनों को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने हाल ही में लाड़ली बहनों को 1250 रुपए की जगह 1500 दिए गए हैं। त्योंथर में दशहरा, दीवाली में तो आनंद और उल्लास होगा ही उसके पहले ही 162.31 करोड़ की सौगात दी गई है। इससे पूरे क्षेत्र का नक्शा बदल जाएगा। हमारी सरकार शिक्षा, स्वरोजगार और औद्योगिक विकास के लिए हर संभव सहायता दे रही है। रीवा की पहचान सुंदरजा आम है। एक एकड़ में आम की बगिया लगाने पर 4 लाख 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। बाग भी आपका आमदनी भी आपकी और आम भी आपके। गौपालन करने पर 25 गायों की गौशाला पर 40 लाख रुपए तक की योजना है। इसमें से 10 लाख रुपए अनुदान दिया जा रहा है। कोई बीमार होता है तो उसे आयुष्मान कार्ड से निशुल्क उपचार की सुविधा है। जरूरत पड़ती है तो हेलीकॉप्टर और एयर एंबुलेंस से गंभीर रोगी को बड़े अस्पताल पहुंचाते हैं। विंध्य की भूमि भगवान राम की रही है। चित्रकूट धाम के विकास के लिए 2250 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। प्रदेश में भगवान कृष्ण से जुड़े स्थानों का भी विकास किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक नगर पंचायत में गीता भवन का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजना के हितग्राहियों को हित लाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने तीन उद्योगपतियों को उद्योग लगाने के लिए भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया। समारोह में गोपाल ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन किया।
समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि गैस प्लांट की स्थापना से पराली की समस्या हल होगी। हमारी सरकार ने त्योंथर क्षेत्र में पुल, नहर और सड़कों की कई सौगातें दी हैं। यहां के लिए स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं से अगले 5 सालों में हर खेत में सिंचाई की सुविधा होगी।
समारोह में मुख्यमंत्री जी का स्वागत करते हुए विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का हर क्षण प्रदेश के विकास के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री जी सही मायने में कर्मयोगी की हैं। लोक निर्माण विभाग ने 170 करोड़ की सड़कों का निर्माण किया है। दोनों नगर पंचायत को दो करोड़ रुपए तथा क्षेत्र को दो विद्युत सब स्टेशन और एक स्टेडियम की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री जी ने त्योंथर औद्योगिक क्षेत्र विकास की सौगात दी है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। त्योंथर, प्रयागराज और बनारस भी औद्योगिक कॉरिडोर का विकास होने से पूरा विंध्य विकास में अग्रणी बनेगा।
समरोह में सांसद सतना श्री गणेश सिंह, विधायक गुढ़ श्री नागेंद्र सिंह, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, विधायक मनगवां श्री नरेंद्र प्रजापति, विधायक व्यौहारी श्री शरद कोल, विधायक पवई श्री प्रहलाद सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल तथा पूर्व महापौर श्री वीरेंद्र गुप्ता, डॉ अजय सिंह, पूर्व विधायक डॉ पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी, बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन में कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम डॉक्टर सौरभ सोनवाणे, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सम्मेलन मंब क्षेत्रीय लोक गायिका राखी द्विवेदी ने रोचक और मनोरंजक लोकगीत प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री जी का स्वागत आदिवासी लोक नृत्य गुदुम बाजा से किया गया।

औद्योगिक निवेश से विन्ध्य एवं त्योंथर को विकास की नई गति मिलेगी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
रोजगार परक उद्योग लगाने पर सरकार हर संभव मदद करेगी – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
नवम्बर माह में बनारस में होगी इंडस्ट्रियल समिट – मुख्यमंत्री

रीवा 19 सितम्बर 2025. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि औद्योगिक निवेश से विन्ध्य एवं त्योंथर को विकास की नई गति मिलेगी। उन्होंने उद्यमियों को आमंत्रित किया कि वह रोजगार परक उद्योग लगायें सरकार इसमें हर संभव मदद करेगी। उन्होंने बनारस से आये उद्यमियों के आग्रह पर घोषणा की कि नवम्बर माह में काशी विश्वनाथ की नगरी में इंडस्ट्रियल समिट का आयोजन होगा।
चाकघाट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्यमियों से वन टू वन चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप हम स्वदेशी के मूलमंत्र को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। आप सभी उद्यमी अपने उद्योग स्थापित करने के लिये आयें शासन स्तर से हर संभव मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश में मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में हम देश में उच्चतम स्तर पर होंगे। उन्होंने उद्यमियों को पराली से संबंधित व फूड प्रोसेसिंग से संबंधित उद्यम स्थापना के साथ अन्य क्षेत्र के उद्योग स्थापना के लिये आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा जिले में मऊगंज व त्योंथर विद्यानसभा क्षेत्रों में पर्याप्त भूमि की उपलब्धता है। औद्योगिक क्षेत्र विकास की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि उद्यमी स्वयं अपने पूजी निवेश से परिसर बनाकर उद्योग स्थापित करते हैं तो उन्हें हम पूरी सुविधा व मदद देंगे। डॉ. यादव ने त्योंथर में कम्प्रेस्ड वायोगैस प्लांट के भूमिपूजन की बधाई दी तथा अपेक्षा की कि इससे स्थानीय जनों को लाभ मिलेगा। पराली की समस्या से निजात मिलेगी तथा जैविक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी अपने जन्मदिवस पर मध्यप्रदेश में उपस्थित रहे और उन्होंने पीएम मित्र पार्क के माध्यम से इंडस्ट्रियल क्षेत्र को सौगात दी जो रोजगार उपलब्धता में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्यमियों को प्रदेश में निवेश के लिये आमंत्रित किया तथा कहा कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जायेगा। बनारस रामनगर के 17 उद्यमियों के प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि रीवा जिले में एक हजार करोड़ का निवेश करेंगे। उद्यमियों के वन टू वन कार्यक्रम में रामनगर उद्योग एसोशियेसन ने अंगवस्ताम व काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृति मुख्यमंत्री जी को भेंट की। वन टू वन चर्चा के दौरान डी.एस. मिश्रा अध्यक्ष रामनगर उद्योग संघ वाराणसी, राकेश जायसवाल, दिलीप सिंह अध्यक्ष म.प्र. चावल संघ तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्यम योजनान्तर्गत उद्यमी अमित गौतम ने मुख्यमंत्री जी से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश की आकर्षक उद्योग नीति से उत्साहित होकर हम प्रदेश में निवेश करेंगे और यह क्षेत्र उद्योग के क्षेत्र में ऊंची उड़ान भरेगा। वन टू वन कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्रा, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, डॉ. अजय सिंह, पूर्व सांसद देवराज सिंह, कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान, क्षेत्रीय संचालक एसपी आईडीसी यूके तिवारी सहित बड़ी संख्या में बनारस, प्रयागराज, मिर्जापुर व रीवा से आये उद्यमी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *