उच्च कार्यालयों से संबंधित प्रकरणों में भी प्रयास कर निराकरण कराएं – कमिश्नर

उच्च कार्यालयों से संबंधित प्रकरणों में भी प्रयास कर निराकरण कराएं – कमिश्नर
स्वच्छता ही सेवा सप्ताह की हर गतिविधि प्रभावी रूप से करें – कमिश्नर

रीवा 16 सितम्बर 2025. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने संभागीय बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं की विभागवार समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि संभागीय बैठक के जो बिन्दु वरिष्ठ कार्यालयों में कार्यवाही के लिए भेजे गए हैं उनमें भी लगातार प्रयास करके निराकरण कराएं। शासन स्तर पर प्रस्तावित किए गए कार्यों की स्वीकृति जारी कराकर उसे अमलीजामा पहनाएं। मैहर में आद्योगिक केन्द्र की स्थापना तथा सिंगरौली में स्टेडियम निर्माण के संबंध में रिपोर्ट दो दिवस में प्रस्तुत करें। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग मऊगंज कलेक्टर से संपर्क करके मऊगंज में अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति तथा छात्रावास भवन निर्माण के लिए जमीन आवंटित कराएं। सतना जिले में दौरी सागर बांध निर्माण के लिए भू अर्जन के प्रकरण तथा सीतापुर-हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना की प्रस्तावित कार्ययोजना समय पर प्रस्तुत करें।
कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी विभागीय कार्यों की निगरानी के लिए क्षेत्र का भ्रमण करें। भ्रमण के समय स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र तथा छात्रावासों का निरीक्षण करके उनकी मूलभूत सुविधाओं के संबंध में रिपोर्ट दें। सीएम हेल्पलाइन में 100 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। सितम्बर माह के प्रकरणों का निराकरण करके विभाग की ग्रेडिंग में सुधार करें। राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, श्रम विभाग, पीएचई, स्वास्थ्य विभाग तथा गृह विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। संबंधित अधिकारी इनके निराकरण के लिए विशेष प्रयास करें।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी मध्यप्रदेश में धार जिले से अभियान का 17 सितम्बर को शुभारंभ करेंगे। इसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक गर्भवती महिला का पंजीयन और जाँच के लिए स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी मैदानी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर प्रत्येक महिला को नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच का लाभ दें। अभियान के दौरान 21 सितम्बर को सुबह 7 बजे नमो मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दो हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। संभागीय खेल अधिकारी अन्य विभागों के सहयोग से इसके लिए आवश्यक प्रबंध करें। पखवाड़े में 25 सितम्बर को एक घण्टे स्वच्छता के लिए तथा वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन महिला स्वसहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक पोषण माह मना रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविरों में पोषण आहार की प्रदर्शनी लगाएं।
कमिश्नर ने कहा कि उच्च शिक्षा तथा स्कूल शिक्षा विभाग स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े में विकसित भारत की थीम पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन करे। पखवाड़े में नगरीय निकायों तथा सभी ग्राम पंचायतों में प्रमुख धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का अभियान चलाएं। अधीक्षण यंत्री पीएचई सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्र और छात्रावासों में नलजल योजनाओं से नल कनेक्शन कराएं। वर्तमान में ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर नलजल योजनाओं का इसी अवधि में सत्यापन कराकर जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से प्रतिवेदन प्राप्त करें। बैठक में कमिश्नर ने ई आफिस व्यवस्था, पेंशन प्रकरणों के निराकरण तथा छात्रावासों के निरीक्षण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त बीएल अहिरवार, डीन मेडिकल कालेज डॉ सुनील अग्रवाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ एमएल गुप्ता, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण विभाग एसके तिवारी, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *