मुख्यमंत्री ने देवतालाब में 241.33 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने देवतालाब में 241.33 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास
रीवा 07 सितम्बर 2025. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मऊगंज जिले में देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में 241.33 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 37.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 203.83 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (भवन सड़क) के 19.45 करोड़ के तीन कार्यों, लोक निर्माण (भवन) के 15.99 करोड़ रूपये के दो कार्यों, एक करोड़ 56 लाख रूपये की लागत से निर्मित मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम तथा मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के 50 लाख रूपये से निर्मित कार्य का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 133.98 करोड़ रूपये की लागत से बनाई जाने वाली 11 सड़कों, 50.37 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले दो भवनों, 18.28 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले दो भवनों तथा एक करोड रूपये की लागत से बनाये जाने वाले पशुपालन विभाग के नवीन कार्यालय एवं पॉली क्लीनिक भवन का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने खर्रा से मऊगंज वाया बेलहा नानकार चमड़िया, पर्वा, मगनिया, बैजला, करही, पहरखा, सैलया, पन्नीमार्ग, खटखरी फोरलेन वाईपास मार्ग, घोरहा से खुजबा सुखदेव सिंह थापा हरूआ, खुजवा, सुअरहा, खुजरहन मार्ग, सूजी से अर्जन कहुआ पहुंच मार्ग, रघुनाथगंज से मनिकवार वाया पलिया शुकलान, करौदहा, मिसिरगवां मार्ग, गंगेव उमरिया गेरूआरी मार्ग, देवरा फरेदा से मनिकवार वाया हार्देहा मार्ग, कोरिगवा अस्पताल से मौलिया नरैनी तक फुलहा से भूसी तक मार्ग, डगडौआ एनएच से सतखरा तक मार्ग, फुलहा से झूसी मार्ग तथा देवतालाब नईगढ़ी रोड से गनिगवां श्री अखिलेश सिंह के घर तक बनाए जाने वाले मार्गों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने मऊगंज में संयुक्त जिला कार्यालय, राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए आवास गृहों, सर्किट हाउस तथा देवतालाब के शासकीय महाविद्यालय में बनाए जाने वाले स्टेडियम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने हितलाभ का किया वितरण
रीवा 07 सितम्बर 2025. देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभागों के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही मानवी गुप्ता व कुकाव्या भारती को प्रमाण पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने मनरेगा अन्तर्गत एक बगिया माँ के नाम योजनान्तर्गत उर्मिला शर्मा व ममता विश्वकर्मा को हितलाभ का वितरण किया। उन्होंने कक्षा 10वीं में प्रदेश स्तर पर उच्चतम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को तथा स्नातक संकाय में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को मेधावी छात्र योजना के तहत पुरस्कृत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना, अनुग्रह सहायता राशि तथा दिव्यांग शिक्षा सहायता के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किये।
मुख्यमंत्री ने देवतालाब शिव मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया
रीवा 07 सितंबर 2025. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र देवतालाब पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व देवतालाब शिव मंदिर पहुंच कर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। उन्होंने भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रदेश की निरंतर प्रगति और सुख तथा कल्याण की कामना की। दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री जी ने शिवकुंड का अवलोकन किया तथा इसके सौंदर्यीकरण कराए जाने की बात कही। मंदिर परिसर में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार बांकेलाल के शहनाई वादन की मुख्यमंत्री जी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि विंध्य की धरा में मऊगंज जिले के देवतालाब शिव मंदिर का विशिष्ट स्थान है। कहा जाता है कि भगवान विश्वकर्मा ने केवल एक रात में एक ही पत्थर से शिव मंदिर का निर्माण किया था। रीवा-बनारस हाईवे पर स्थित देवतालाब शिव मंदिर में साल भर भक्तों की भीड़ रहती है। विंध्य में परंपरा रही है कि बद्रीनाथ और चारोंधाम की यात्रा का फल तभी मिलता है जब देवतालाब में भगवान शिव के दर्शन किए जाएं। यहां चारोंधाम यात्रा के बाद भी लोग देवतालाब अवश्य जाते हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी तथा स्थानीय जन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया बहुती प्रपात का अवलोकन
रीवा 07 सितम्बर 2025. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज जिले के पहले प्रवास पर नईगढ़ी जनपद पंचायत के बहुती ग्राम पंचायत पहुंचने पर बहुती प्रपात का अवलोकन किया।इस दौरान उन्होंने वाटरफॉल के नजदीक जाकर व्यू प्वाइंट से जलप्रपात की गिरती हुई दूधिया जल धारा और वहा बनने वाले इंद्रधनुष की आभा का अवलोकन किया। इस मौके पर कलेक्टर संजय जैन ने बताया कि बहुती प्रपात के अप स्ट्रीम में स्टॉप डैम का निर्माण प्रस्तावित है।स्टॉप डैम में जल का संचय रहने से वाटर फॉल की जल धारा का बारहों महीने अविरल प्रवाह बना रहेगा । मुख्यमंत्री ने बहुती प्रपात के समीप कार्यक्रम स्थल पर गौपूजा भी की । इस दौरान जंगल में विचरण करने वाली गौमाताओ को अपनी एक आवाज में अपने पास बुलाने की कला रखने वाले रकरी गांव के गौसेवक सौखीलाल यादव ने भी मुख्यमंत्री डा यादव से भेट की । कलेक्टर मऊगंज संजय जैन ने बताया कि बहुती जल प्रपात को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवम जन सुविधाओ के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए लागत की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है। इस अवसर पर प्रजापिता ब्राम्हकुमारी आश्रम की दीदीओ द्वारा मुख्यमंत्री का सम्मान कर उन्हे स्मृति चिन्ह भेट किए।