योग शरीर को स्वस्थ रखने की कला है, इसे दिनचर्या में शामिल करें – उप मुख्यमंत्री

विश्व योग दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आमजनों के साथ किया योगाभ्यास
योग शरीर को स्वस्थ रखने की कला है, इसे दिनचर्या में शामिल करें – उप मुख्यमंत्री
रीवा 21 जून 2026. जिले में 12वां विश्व योग दिवस उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स रीवा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल तथा सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, स्थानीय नागरिकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योग किया। समारोह में अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री कैलाश जाटव, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष विन्ध्य विकास प्राधिकरण डॉ. अजय सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने भी सामूहिक योगाभ्यास किया। समारोह में कोलकाता में आयोजित विश्व योग दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने की कला है। योग को दिनचर्या में शामिल करने से हम अपने स्वास्थ्य को ठीक रख सकते हैं। महर्षि पतंजलि ने देश व समाज को योग से अवगत कराया। इस प्राचीन ज्ञान को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पदभार ग्रहण करने के बाद वर्ष 2014 से जनजन तक पहुंचाने का प्रयास किया। बाबा रामदेव ने भी योग को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग आज विश्वव्यापी हो गया है। चीन, जापान से लेकर यूरोप और अमेरिका में बड़ी संख्या में लोग योग से जुड़े हुए हैं। विश्व योग दिवस दुनिया का सामूहिक योगाभ्यास का सबसे बड़ा कार्यक्रम बन गया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व भर में लोग योग और ध्यान को अपनाकर भारत को विश्व गुरू के रूप में प्रतिष्ठित कर रहे हैं। योग ने विश्व को शांति और मानसिक संतुलन का मार्ग दिखाया है। हम सब प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट अपने मन और तन को स्वस्थ रखने के लिए योग करें। जब मन में निराशा छा जाती है तो उससे मुक्त होने का मार्ग योग और ध्यान ही दिखाते हैं। हमारा मानसिक संतुलन यदि ठीक न हो तो गलत राह में कदम चले जाते हैा। हम सब स्वयं नियमित योगाभ्यास करें और अपने आसपास के व्यक्तियों को भी इससे जोड़ने का प्रयास करें। हमारी परंपरा पूरी दुनिया को परिवार मानकर शांति बनाए रखने की रही है। विश्व शांति में हम सब मिलकर योगदान दें।
विश्व योग दिवस पर जिला मुख्यालय के साथ-साथ विकासखण्ड तथा ग्राम पंचायतों में भी सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी शिक्षण संस्थाओं तथा आयुष विभाग के आरोग्य मंदिरों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया। सामूहिक योगाभ्यास में संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. शिवराम साकेत, जिला आयुष अधिकारी डॉ. शारदा मिश्रा, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, सहायक संचालक शिक्षा राजेश मिश्रा सहित विद्यार्थी, गणमान्य नागरिक पुलिस अधिकारी तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए।