उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन मऊगंज का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन मऊगंज का किया निरीक्षण
मऊगंज जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के सभी कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं – उप मुख्यमंत्री
रीवा 16 अगस्त 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मऊगंज जिले के गठन के साथ ही इस जिले में विकास के द्वार खुल गए हैं। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। 40 करोड़ रुपए की लागत से सुविधायुक्त 100 बिस्तरों का जिला चिकित्सालय भवन निर्माणाधीन है।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लेआउट देकर परिसर का सीमांकन कराते हुए सभी कार्य प्रारंभ कराएं तथा नियत समय सीमा में पूर्ण कराएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मऊगंज जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकीय स्टाफ व उपकरण की कमी नहीं होगी। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि प्रोएक्टिव होकर कार्य करें। जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों का लगातार भ्रमण कर स्वास्थ्य केन्द्रों के संचालन की मॉनीटरिंग करें। श्री शुक्ल ने चिकित्सकों से कहा कि ओपीडी पर विशेष ध्यान दें। ग्रामीण स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने से मातृ मृत्यु दर व शिशु मृत्यु दर कम होगी तथा जिला स्तर पर व रीवा के अस्पतालों में मरीजों की भीड़ कम होगी। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक करने के निर्देश भी उप मुख्यमंत्री ने दिए। उन्होंने कहा कि जो भी आवश्यकताएं हों उन्हें बताएं ताकि तत्काल उनकी पूर्ति कराई जा सके। उन्होंने कहा कि एक माह बाद वह पुन: जिला अस्पताल भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।
इस अवसर पर विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि मऊगंज में इससे पूर्व 30 बिस्तरों का अस्पताल था जिसे विस्तारित कर 100 बिस्तर का बनाया गया। निर्माणाधीन 100 बिस्तर के अस्पताल भवन के बन जाने से जिला अस्पताल में 200 बिस्तर का अत्याधुनिक अस्पताल होगा और मऊगंज एवं हनुमना के मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ राजेन्द्र मिश्र, कलेक्टर संजय कुमार जैन, सीएमएचओ डॉ संजीव शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिकारी तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे।