हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता के वीरों का नमन है – कमिश्नर

देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान तिरंगा साइकिल यात्रा की रही धूम
हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता के वीरों का नमन है – कमिश्नर

रीवा 12 अगस्त 2025. रीवा में हर घर तिरंगा अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों से तिरंगा साइकिल यात्रा निकाली गई। रिमझिम फुहारों के बीच पूरे उत्साह के साथ अधिकारियों, खिलाड़ियों तथा विद्यार्थियों ने रैली में भाग लिया। रैली के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान रहा। रैली का नेतृत्व रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने किया। रैली का शुभारंभ स्पोर्ट्स काम्पलेक्स से हुआ। इस अवसर पर कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों का नमन है। हमने बड़ी कुर्बानियाँ देकर आजादी पाई है। देश को स्वतंत्र कराने में हजारों वीरों ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। तिरंगा हाथ में लेकर और भारतमाता की जय तथा वंदे मातरम कहते हुए वीरों ने देश के लिए अपने प्राण उत्सर्ग कर दिए। हम सब स्वतंत्रता दिवस तक हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनकर देश के गौरव का यशगान करें। अपने घरों में तिरंगा फहराकर गौरव और उल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाएं। इसके साथ-साथ अपने घरों और आसपास साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दें। हमारा परिवेश स्वच्छ रहेगा तभी हम सब स्वस्थ रहेंगे। आज की रैली में जो साइकिल सवार शामिल हुए हैं वे सब देशभक्ति का संदेश देने वाले दूत हैं। हर नागरिक हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनकर देश के गौरव और सम्मान में अपना योगदान दें।

साइकिल रैली स्पोर्ट्स काम्पलेक्स से शुरू होकर मुख्य मार्ग खुटेही होते हुए सिरमौर चौराहा पहुंची। इसके बाद रैली अमहिया, अस्पताल चौराहा तथा प्रकाश चौराहा होते हुए शिल्पी प्लाजा बाजार पहुंची। रिमझिम फुहारों की बीच रैली मानस भवन से होती हुई कालेज चौराहे में विवेकानंद पार्क में समाप्त हुई। पार्क में विवेकानंद जी की प्रतिमा के समक्ष तिरंगे फहराकर सामूहिक रूप से भारतमाता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए गए। रैली के शुभारंभ पर सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। रैली में डीआईजी राजेश सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने सहभागिता की। रैली में लद्दाख से भारत यात्रा पर निकले साइकलिस्ट सुबोध गंगुर्दे और रीवा के चैंपियन साइकलिस्ट अमन मिश्रा ने भी तिरंगे के साथ शिरकत की। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने किया। रैली में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, प्रभारी संयुक्त संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन मयंक वर्मा, नगर निगम के अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा आमजनों ने भाग लिया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *