जल निगम अन्तर्गत सभी कार्य समानांतर रूप से कराएं – कमिश्नर

जल निगम अन्तर्गत सभी कार्य समानांतर रूप से कराएं – कमिश्नर
हर घर में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य तय समय सीमा में पूरा कराएं – कमिश्नर

रीवा 04 अगस्त 2025. कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर घर में नल से जल पहुंचाने की प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना को तय समय सीमा में पूरा करें तथा इसके अंतर्गत संचालित सभी कार्य समानांतर रूप से किए जाएं। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के साथ ही इंटेक वेल, पम्पिंग, टंकी निर्माण आदि सभी कार्य समानांतर रूप से संचालित कराए जाएं ताकि जनवरी माह तक कार्यों को पूरा किया जा सके। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल अवगत कराएं।
कमिश्नर ने कहा कि जल जीवन मिशन से हर घर में नल से जल पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। जिन गांवों में पानी की आपूर्ति की जा रही है वहाँ निर्धारित की गई जल कर की राशि ग्राम पंचायत के सहयोग से एकत्रित करें। जल उपभोक्ताओं से सतत संवाद रखते हुए पानी की आपूर्ति के संबंध में किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर उसे तत्काल दूर कराएं। समूह नल जल योजनाओं के कार्यों के सहयोग के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की सेवाएं लेते हुए नलजल योजनाओं के संचालन, संधारण, जल कर की वसूली आदि में महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि लोगों को नलजल योजना के पानी के दुरूपयोग न करने के लिए जागरूक करते हुए यह समझाइश दें कि व्यर्थ पानी न बहाएं और पंप आदि से पानी न खींचे ताकि अंतिम छोर तक पाइपलाइन से पानी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आईएसए के माध्यम से सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें ताकि इस योजना को लोग अपनी योजना मानें और नियत राशि देकर कनेक्शन लेते हुए प्रतिमाह जल कर की राशि जमा करें। उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर एवं ग्राम स्तर पर कार्यशालाओं एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। उन्होंने वन क्षेत्र में आने वाले कार्यों को अनुमति प्राप्त होने के बाद तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में पाइपलाइन बिछाने, टंकियों के निर्माण, डब्ल्यूटीपी निर्माण, इंटेक वेल निर्माण, जलशोधन संयंत्र निर्माण, क्लियर वाटर पंपिंग निर्माण सहित अन्य कार्यों की संभागान्तर्गत जिलों में हुई प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, जल जीवन मिशन के जिला प्रबंधक चित्रांशु, सीधी के नीरव अग्रवाल, सतना के विवेक कुमार, सिंगरौली के पंकज बाघवानी, प्रबंधक जन सहभागिता डॉ एनके पचौरी सहित जल जीवन मिशन के अधिकारी-कर्मचारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा आईएसए के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *