जिला खनिज मद से 12.22 करोड़ की प्रस्तावित कार्ययोजना को दी गई मंजूरी

जिला खनिज मद से 12.22 करोड़ की प्रस्तावित कार्ययोजना को दी गई मंजूरी
जिला खनिज मद से अधूरे आंगनवाड़ी केन्द्र भवनों तथा वृक्षारोपण के लिए राशि मंजूर

रीवा 10 जुलाई 2025. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में जिला खनिज मद से 12 करोड़ 22 लाख रुपए के प्रस्तावित निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई। बैठक में पूर्व में मनरेगा के कन्वर्जेंस से अधूरे पड़े आंगनवाड़ी केन्द्र भवनों को पूरा कराने तथा वृक्षारोपण के लिए भी राशि मंजूर की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें उच्च प्राथमिकता के कार्यों में 60 प्रतिशत तथा प्राथमिकता के कार्यों में 40 प्रतिशत का अनुपात रखा गया है। शासन द्वारा जारी नई गाइडलाइन के अनुसार प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व्यवस्था, अधोसंरचना विकास तथा दिव्यांगों के कल्याण के प्रस्ताव शामिल हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 मोटराइज्ड तिपहिया साइकिल देने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
बैठक में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि सबका उद्देश्य आमजनता का कल्याण करना है। सबकी सहमति से जिले के विकास से जुड़े कार्य खनिज मद से स्वीकृत किए जा रहे हैं। विधायक सेमरिया श्री अभय मिश्रा ने स्कूल भवनों तथा छात्रावासों में सुधार के कार्य एवं दिव्यांगों को मोटराइज्ड तिपहिया साइकिल देने का सुझाव दिया। बैठक में सिरमौर के लिए एंबुलेंस एवं जनरेटर सेट की राशि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रदान करने तथा 47 अधूरे आंगनवाड़ी केन्द्रों के लिए एक करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग छात्रावास भवनों में सुधार के कार्य विभागीय मद से प्रस्तावित करें। खनिज मद से आवंटित राशि का उपयोग करके कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा अन्य निर्माण एजेंसियाँ शेष कार्य शीघ्र पूरा करें।
बैठक में परियोजना अधिकारी जिला पंचायत संजय सिंह ने बताया कि योजना प्रारंभ से अब तक जिला खनिज मद से कुल 125 करोड़ सात लाख की कार्ययोजना अनुमोदित हुई है। इसमें से 116 करोड़ 57 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इससे स्वीकृत 712 निर्माण कार्यों में से 225 पूरे हो गए हैं। 23 कार्य अलग-अलग कारणों से निरस्त कर दिए गए हैं। शेष जारी 464 कार्य इस वर्ष के अंत तक पूरे करा लिए जाएंगे। खनिज मद से मऊगंज जिले की राशि अब पृथक से जारी होगी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि सिरमौर श्री भूपेन्द्र सिंह, विधायक प्रतिनिधि गुढ़ ने कई उपयोगी सुझाव दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, समिति के सभी सदस्य तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *