मऊगंज में आरओ वाटरप्लांटों की जाँच की गई

मऊगंज में आरओ वाटरप्लांटों की जाँच की गई
मऊगंज 14 जनवरी 2026. कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन द्वारा पेयजल की गुणवत्ता की जाँच के लिए तीन सदस्यीय टीम तैनात की गई है। डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया के नेतृत्व में इस टीम ने जिला मुख्यालय के आरओ वाटरप्लांटों की जाँच की। जाँच के दौरान पानी की गुणवत्ता, प्लांट की साफ-सफाई, पानी की पैकेजिंग निरीक्षण किया गया। आमजनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अभियान के तहत टीम ने मऊगंज में संजीवनी जल, तनु आरओ वाटर, सैनिक आरओ वाटर तथा अन्य आरओ प्लांटों की जाँच की। जाँच के दौरान संजीवनी जल के मालिक द्वारा प्लांट का पंजीयन उपलब्ध नहीं कराया गया। तनु आरओ वाटर के संचालक द्वारा पुराना पंजीयन दिखाया गया जो अवैध पाया गया। टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी द्वारा आरओ प्लांटों की साफ-सफाई के संबंध में निर्देश दिए गए। जाँच के दौरान सप्लाई किए जाने वाले पानी के डब्बों से भी पानी के नमूने लिए गए। डिप्टी कलेक्टर ने वैध पंजीयन प्रस्तुत न करने वाले प्रतिष्ठानों पर वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिए।