सीएम हेल्पलाइन के आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करें – कलेक्टर मऊगंज

सीएम हेल्पलाइन के आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करें – कलेक्टर मऊगंज
मऊगंज 09 जुलाई 2025. कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर स्वयं ध्यान देकर इनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराएं। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का तत्परता से निराकरण करें। राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, खाद्य विभाग, गृह विभाग, पीएचई, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण करके विभागीय रैंकिंग में सुधार करें। सभी अधिकारी टीएल पत्रों का समय सीमा में प्रतिवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी जिलाधिकारी अब ई ऑफिस के माध्यम से ही फाइलें कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। अधीनस्थ कार्यालयों में भी ई ऑफिस व्यवस्था सात दिवस में लागू कर दें। जो विभाग ई ऑफिस में आनबोर्ड हो गए हैं वे फाइलों का परिचालन इसी माध्यम से करें। शेष कार्यालय जिला सूचना विज्ञान अधिकारी से संपर्क करके ई ऑफिस में ऑनबोर्ड कराएं। कलेक्टर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना के अपात्र हितग्राहियों के नाम राशन मित्र पोर्टल से पृथक करें साथ ही शेष हितग्राहियों का 15 जुलाई तक ई केवाईसी अपडेशन अनिवार्य रूप से करा दें। जिले में विभिन्न विभागों से स्वीकृत निर्माण कार्यों के भूमिपूजन तथा पूर्ण कार्यों के लोकार्पण के लिए इनकी सूची दो दिवस में उपलब्ध कराएं। मऊगंज जिले में जिन विभागों के कार्यालय मंजूर हो गए हैं उनके कार्यालय भवनों के निर्माण के लिए जमीन का आवंटन तत्काल कराएं। बैठक में कलेक्टर ने कृषि आदान, वर्षाजनित रोगों से बचाव और उपचार की व्यवस्था, पीएम किसान सम्मान निधि तथा जलप्रपातों में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम मऊगंज बीके पाण्डेय, कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
हर पात्र व्यक्तियों के नाम ग्रामीण आवास की सर्वे सूची में शामिल करें – कलेक्टर
मऊगंज 09 जुलाई 2025. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर कुमार संजय जैन ने ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का नाम शामिल करने के लिए सर्वे किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सर्वे सूची में अनिवार्य रूप से शामिल करें। योजना से स्वीकृत शेष बचे आवासों का निर्माण कार्य दो माह में अनिवार्य रूप से पूरा करें। आवास निर्माण की राशि प्राप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न करने वाले हितग्राहियों के विरूद्ध राशि वसूली की कार्यवाही करें। कार्यपालन यंत्री और उपयंत्री क्षेत्र का नियमित रूप से भ्रमण करके निर्माण कार्यों की प्रगति की मानीटरिंग करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आवास प्लस योजना से 12893 आवास मंजूर किए गए हैं। इनमें से केवल 649 पूरे हुए हैं। शेष हितग्राहियों को समय पर दूसरी और तीसरी किश्त जारी कराकर दो माह में आवासों का निर्माण पूरा कराएं। समग्र पोर्टल में अभी भी 26 हजार 361 हितग्राहियों का ई केवाईसी अपडेशन शेष है। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर ई केवाईसी अपडेट कराएं। वनाधिकार अधिनियम के तहत 221 हितग्राहियों को पट्टे दिए गए हैं। इन्हें शासन की अन्य योजनाओं का भी पूरा लाभ दें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने मनरेगा योजना की प्रगति, एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण की तैयारियों तथा नलजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में परियोजना अधिकारी आवास, परियोजना अधिकारी मनरेगा तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत सचिव मटियरा के वित्तीय अधिकार समाप्त – होगी वसूली
मउगंज 09 जुलाई 2025. जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने जनपद पंचायत मऊगंज की ग्राम पंचायत मटियरा के ग्राम पंचायत सचिव राजेन्द्र तिवारी के वित्तीय अधिकार समाप्त करने के आदेश दिए हैं। ग्राम पंचायत में निर्माण कार्यों में अनियमितता की 5 सदस्यीय टीम द्वारा जाँच कराए जाने पर 63 लाख 49 हजार 868 रुपए की राशि ग्राम पंचायत द्वारा अनधिकृत रूप से आहरित करने के प्रमाण मिले। ग्राम पंचायत सचिव पर 31 लाख 74 हजार 493 रुपए की वसूली अधिरोपित करते हुए वित्तीय अधिकार समाप्त किया गया है। सचिव श्री तिवारी से सचिवीय कार्य यथावत करते रहेंगे।