मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटाप की राशि अंतरित की

मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटाप की राशि अंतरित की
लैपटाप का सदुपयोग करें – सांसद श्री जनार्दन मिश्र
रीवा 04 जुलाई 2025. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल से प्रदेश के 94 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटाप की राशि का अंतरण किया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 25 हजार रुपए की राशि लैपटाप के लिए उनके खातों में अंतरित की गई। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि भविष्य की प्रतिभाओं को पोषित करने के लिए शासन संकल्पित है। हमारी सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए हर प्रकार की सुविधाएं व सहायता मुहैया कराई जा रही हैं। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, शैक्षणिक शुल्क, स्कूटी, साइकिल, पुस्तकें आदि प्रदान कर बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार आपके साथ खड़ी है। आप अपने प्रदेश को प्यार करें और अपनी प्रतिभा से जिले, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारा देश विश्वगुरू बनने की ओर अग्रसर है। सभी के सहयोग से हम इस संकल्प को प्राप्त कर सकेंगे।
लैपटाप राशि अंतरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक मार्तण्ड क्रमांक एक स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि शासन द्वारा प्रदत्त की गई राशि से सभी विद्यार्थी अनिवार्यत: लैपटाप क्रय करें और इसका सुदपयोग करें। यह ज्ञान के संवर्धन का बड़ा माध्यम है। उन्होंने अपेक्षा की कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर विद्यार्थी अपनी शिक्षा को और निखार सकेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से देश, प्रदेश व जिले का नाम रोशन करें। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश की तकदीर व तस्वीर बदली है। पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता ने प्रतिभाशाली बच्चों को बधाई दी और उनके उत्तरोत्तर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने बेटियों के अधिक संख्या में लैपटाप प्राप्त करने पर बधाई देते हुए छात्रों को भी उनके बराबर आने का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सामने किसी भी प्रकार की परिस्थिति बाधा उत्पन्न नहीं कर सकती। अपना लक्ष्य निर्धारित करें और लैपटाप के माध्यम से अपने प्रश्नों का समाधान करें। इसमें सभी विकल्प और रिसोर्स मैटेरियल उपलब्ध हैं। इसका विवेक से इस्तेमाल करें और बेहतर सदुपयोग करते हुए आगे बढ़ें। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी विनय मिश्रा ने दिया। उल्लेखनीय है कि भोपाल के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में रीवा जिले के छात्र अंकुर यादव व आर्यन पाण्डेय को मुख्यमंत्री जी द्वारा लैपटाप प्रदान किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्राचार्य वरूणेन्द्र सिंह सहित अन्य विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।