प्रभारी मंत्री ने पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियों की दी जानकारी

जनकल्याण सरकार और शासन की जिम्मेदारी है – प्रभारी मंत्री
मीडिया जनता और सरकार के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है – प्रभारी मंत्री
प्रभारी मंत्री ने पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियों की दी जानकारी
रीवा 13 दिसम्बर 2025. सरकार के दो वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में ईको पार्क में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद पटेल मंत्री ग्रामीण विकास एवं श्रम ने सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने कई सराहनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री जी की पहल से विकास के कार्यों में तेजी आई है। जनकल्याण सरकार और शासन की जिम्मेदारी है। इसका हम बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के माध्यम से आमजनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते मीडिया जनता और सरकार के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है। सतत संवाद से जनरहित के कार्य बेहतर होते हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रीवा में दो वर्षों में विकास के कार्य तेजी से हुए हैं। नशे के विरूद्ध अभियान में पुलिस ने कई बड़ी कार्यवाहियाँ करके अच्छी सफलता प्राप्त की है। उत्तरप्रदेश सरकार भी नशे के विरूद्ध अभियान में हमारा पूरा सहयोग कर रही है। नशे के शिकार व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए हमें प्रयास करने होंगे। रीवा में सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल और संजय गांधी हास्पिटल से बड़ी संख्या में गंभीर रोगियों का उपचार हो रहा है। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में दो हजार से अधिक जटिल आपरेशन हो चुके हैं। प्रदेश में पहले इंदौर जैसे बड़े शहरों में ही इन्वेस्टर्स मीट होती थी। रीवा में गत वर्ष 23 अक्टूबर को इन्वेस्टर्स मीट का सफल आयोजन हुआ जिसमें 31 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इस वर्ष जुलाई में आयोजित रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में दो हजार करोड़ रुपए के टूरिज्म उद्योग के प्रस्तावों के समझौता पत्रक पर हस्ताक्षर किए गए। रीवा से इस वर्ष रीवा एयरपोर्ट का विकास पूरा होकर रीवा से दिल्ली के लिए एटीआर-72 हवाई सेवा का शुभारंभ हुआ। शीघ्र ही इंदौर के लिए भी एटीआर-72 हवाई सेवा शुरू हो रही है। बेला-सिलपरा रिंग रोड निर्माण, रीवा बायपास निर्माण तथा 12 सांदीपनि स्कूलों के भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो रहा है।
पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा योजना, खेती के विकास के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण, उद्योगों की स्थापना, प्रदेश से नक्सलवाद के सफाये की जानकारी दी। नक्सलवाद के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में प्रभारी मंत्री ने कहा कि जो लोकतंत्र को चुनौती देगा और समानांतर सरकार चलाने का प्रयास करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्री जी ने जो समय सीमा तय की है उसमें प्रदेश से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। पत्रकार वार्ता में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, डॉ अजय सिंह, प्रज्ञा त्रिपाठी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, आयुक्त नगर निगम सौरभ सोनवणे, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर तथा बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता में सभी पत्रकारों को सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों तथा रीवा जिले की उपलब्धियों की जानकारी का फोल्डर वितरित किया गया।