करें योग रहें निरोग के नारे के साथ निकाली रैली

करें योग रहें निरोग के नारे के साथ निकाली रैली
आयुष विभाग द्वारा चिन्मय सेवा आश्रम लक्ष्मणपुर में हुई कार्यशाला

रीवा 12 जून 2025. विश्व योग दिवस 21 जून को आयोजित किया जाएगा। इसके प्रचार-प्रसार और योग संगम में सहभागिता बढ़ाने के लिए आयुष विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मणपुर में आयुष विंग से चिन्मय सेवा आश्रम तक रैली निकाली गई। रैली में करें योग रहें निरोग, हर दिन योग सुखद जीवन का संयोग और एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग के नारे लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, जेएनसीटी और टीडी नर्सिंग महाविद्यालय के विद्यार्थी और स्वंयसेवी संगठन शामिल हुए।

रैली के बाद पितामह सदन चिन्मय सेवा आश्रम लक्ष्मणपुर में स्वस्थ्य यकृत और वृद्धजन स्वास्थ्य में योग की भूमिका विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ केके गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में बदलते खान-पान और जीवनशैली के कारण समय से पहले कम उम्र में हृदयाघात, मधुमेह, कैंसर और लीवर की बीमारियां बढ़ रही हैं। इन सब बीमारियों से बचने का उपाय यौगिक जीवनशैली और खान-पान है। नियमित योगाभ्यास न सिर्फ हमारे शरीर को स्वस्थ और सुदृढ़ बनाता है बल्कि हमारी इम्यूनिटी सिस्टम को मजबूत कर रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। कार्यशाला में चिन्मय सेवा आश्रम के प्रमुख ब्राम्हृचारी वल्लभ चैतन्य जी ने योग को आध्यात्मिक महत्व और निरन्तर साधना का मार्ग बताया। कार्यशाला में प्रांतीय कलाकार संघ संचालक राजेश शुक्ला ने योग के प्रति दृष्टिकोण में परिवर्तन की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत सहित 121 देशों में योग गतिविधियां आयोजित हो रही हैं। इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में आमजन सम्मिलित हो रहे हैं। योग सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बना है। कार्यशाला में आभार प्रदर्शन उप सरपंच संदीप पाण्डेय एवं संचालन डॉ व्योमकेश शुक्ल ने किया। कार्यक्रम के अंत में हरित योग अंतर्गत पर्यावरण रक्षा की शपथ दिलाई गई और चिन्मय आश्रम परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित किया गया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *