नलजल योजना की संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत उठाएं – कलेक्टर

नलजल योजना की संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत उठाएं – कलेक्टर
पंचायतें वाल्व आपरेटरों को समय पर वेतन दें और कार्य कराएं – कलेक्टर

रीवा 22 मई 2025. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि समूह नलजल योजनाओं का कार्य जिन ग्रामों में पूरा हो गया है वहाँ हर घर में नल का कनेक्शन देकर पानी की प्रतिदिन आपूर्ति कराएं। जिन गांवों में अभी भी कनेक्शन शेष है वहाँ 15 दिवस में सभी घरों में कनेक्शन करा दें। पानी की नियमित आपूर्ति के साथ जल कर की भी वसूली करें। नलजल योजनाओं के संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतें उठाएं। ग्रामवासियों को पेयजल की आपूर्ति ग्राम पंचायत की ही जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की कठिनाई आने पर जल जीवन मिशन की एजेंसी ग्राम पंचायतों को पूरा सहयोग करे। वाल्व आपरेटरों की लापरवाही के कारण गांवों में पानी के वितरण में कठिनाई आ रही है। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उन सभी गांवों में वाल्व आपरेटर की नियुक्ति तत्काल कर दें जहाँ नलजल योजनाएं संचालित हैं। इन्हें ग्राम पंचायतों के माध्यम से नियमित रूप से वेतन का भुगतान करते हुए वाल्व आपरेशन का कार्य कराएं। वाल्व आपरेटर को समय पर वेतन नहीं मिला तो जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी वेतन नहीं मिलेगा।
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जलजीवन मिशन द्वारा नल जल योजना की पाइप लाइन की जियो टैगिंग करके नक्शे उपलब्ध कराए गए हैं। ग्राम पंचायत में कोई भी निर्माण कार्य शुरू होने से पहले उपयंत्री इन नक्शों को अवश्य देखें। जहाँ पाइप लाइन चिन्हित की गई हैं वहाँ निर्माण कार्य न कराएं। निर्माण कार्यों के कारण जिन स्थानों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है वहाँ के उपयंत्रियों को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कारण बताओ नोटिस दें। पंचायत के निर्माण कार्य के कारण यदि पेयजल की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होती है तो उसके सुधार का कार्य भी ग्राम पंचायत ही करे। इसके लिए जल कर की राशि और 15वें वित्त की राशि का उपयोग करें। जल जीवन मिशन की निर्माण एजेंसियाँ सुधार कार्य में ग्राम पंचायतों को सहयोग करेंगी। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नलजल योजनाओं के संचालन और संधारण की स्वयं निगरानी करें। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नलजल योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरतने पर नोटिस देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि बाणसागर समूह नलजल योजना तथा टमस समूह नलजल योजना के कार्य में तेजी लाएं। टमस समूह नलजल योजना के निर्माण कार्यों की प्रगति धीमी रहने पर कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई। कलेक्टर ने कहा कि टमस समूह नलजल योजना का कार्य 31 मार्च 2026 तक पूरा होना है। इसकी मंथवार प्रगति की कार्ययोजना बनाएं। उसके अनुरूप प्रगति न होने पर निर्माण एजेंसी के विरूद्ध कार्यवाही करें। बैठक में जल जीवन मिशन के जिला प्रबंधक चित्रांशु ने बताया कि कंदैला समूह नलजल योजना से रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड की 51 तथा गंगेव विकासखण्ड के 13 गांवों में पानी की आपूर्ति की जा रही है। बाणसागर समूह नलजल योजना में इंटेक वेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य एक माह में पूरा हो जाएगा। अगस्त माह तक 47 टंकियों का निर्माण करके पेयजल की आंशिक आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। टमस समूह नलजल योजना में इंटेक वेल और टंकियों का निर्माण संतोषजनक नहीं है। निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त मजदूर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। सतना बाणसागर समूह नलजल योजना में 52 स्वीकृत टंकियों में से 34 टंकियों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। दिसम्बर माह तक टंकी और पाइप लाइन का कार्य पूरा हो जाएगा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अधीक्षण यंत्री विद्युत मण्डल बीके शुक्ला, नीतेश सिंह, जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *