स्वीकृत आवासों की प्रथम किश्त तत्काल जारी करें – कलेक्टर

स्वीकृत आवासों की प्रथम किश्त तत्काल जारी करें – कलेक्टर

रीवा 09 अप्रैल 2025. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के संपर्कता सर्वे की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि आवास प्लस योजना के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत की प्रत्येक बसाहट में सर्वे करें। हर पात्र व्यक्ति का नाम सर्वे सूची में अनिवार्य रूप से शामिल करें। अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति की बस्तियों पर विशेष ध्यान दें। जिन बस्तियों में बसोर परिवारों की बहुलता है वहाँ भी विशेष ध्यान दें। कोई भी पात्र हितग्राही जमीन के अभाव में आवास से वंचित नहीं होना चाहिए। स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों में प्रथम किश्त तत्काल जारी करें। इसी तरह दूसरी किश्त और तीसरी किश्त भी समय पर जारी करके स्वीकृत आवासों को पूरा कराएं। पूर्ण आवासों का विवरण पोर्टल में दर्ज कराकर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें। पोर्टल में हितग्राहियों को राशि जारी करने में यदि किसी तरह की कठिनाई है तो वरिष्ठ कार्यालयों को अवगत कराएं। उपयंत्रियों के माध्यम से निर्माणाधीन आवासों की मॉनीटरिंग करें।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से एक सौ जनसंख्या तक की बसाहटों में सड़क संपर्क की सुविधा के लिए किए जा रहे सर्वे के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि संपर्कता एप के माध्यम से प्रत्येक बसाहट का सर्वे सुनिश्चित करें। इसमें चिन्हित 2270 बसाहटों का विवरण दर्ज कराएं। सड़क निर्माण के संबंध में विभिन्न जनप्रतिनिधियों से मिले प्रस्तावों और सुझावों को भी इसमें शामिल करें। सर्वे से कोई भी क्षेत्र वंचित न रहे। बैठक में बताया गया कि संपर्कता सर्वे में जिले की सभी 564 ग्राम पंचायतों में कार्य पूरा हो गया है। सर्वे की 99 प्रतिशत जानकारी दर्ज कर दी गई है। आवास प्लस योजना में वर्ष 2024-25 में 23621 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें से 21673 आवास स्वीकृत कर दिए गए हैं। इनमें से 16353 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि जारी कर दी गई है। शेष हितग्राहियों की एफटीओ की कार्यवाही करके राशि जारी की जा रही है। अब तक 762 आवासों का निर्माण पूरा हो गया है। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *