रोगी की तीन नसों में था ब्लॉकेज – ऑपरेशन कर बचाई जान

रोगी की तीन नसों में था ब्लॉकेज – ऑपरेशन कर बचाई जान

रीवा 06 सितम्बर 2024. सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल रीवा विन्ध्य में जटिल रोगों के सफलतापूर्वक उपचार का केन्द्र बनता जा रहा है। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में कई गंभीर रोगियों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया। हास्पिटल में गत दिवस हृदय रोग से पीड़ित 66 वर्षीय वृद्ध उपचार के लिए भर्ती किया गया। एन्जियोग्राफी कार्डियोलाजी विभाग में डॉ व्हीडी त्रिपाठी ने रोगी की जाँच की। जाँच में रोगी की हृदय की तीन नसों में ब्लॉकेज पाया गया। अधीक्षक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि यदि इन ब्लॉकेज को समय पर नहीं खोला जाता तो रोगी की जान जा सकती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हृदय रोगी को तत्काल सीटीव्हीएस विभाग में रेफर किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ अविजीत सिंह ने तत्काल रोगी का उपचार शुरू किया। विभिन्न डॉक्टरों के सहयोग से तथा हार्ट लंग मशीन का उपयोग करके रोगी की जान बचाई गई। लगभग एक घण्टे चले सफल ऑपरेशन के बाद रोगी को राहत मिली। उसे गहन सुरक्षा कक्ष में भर्ती करके उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी की गई। समय पर उपचार सुविधा मिलने तथा तत्काल ऑपरेशन होने से हृदय रोगी की जान बच गई। इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में मुख्य सर्जन डॉ आशीष खनीजो, डॉ सचिन, डॉ धीरज, डॉ सुरभि, डॉ कुशल हजेला तथा डॉ राजीव द्विवेदी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Facebook Comments Box