उप मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन पार्क निर्माण का किया अवलोकन

उप मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन पार्क निर्माण का किया अवलोकन
सिविल लाइन पार्क में 2.13 करोड़ की लागत से बनेगी दुकानें, शौचालय तथा पार्किंग

रीवा 16 फरवरी 2024. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माणाधीन सिविल लाइन पार्क का अवलोकन किया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल लाइन पार्क का शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराएं। पार्क के चारो ओर बनाई जा रही सड़क का कार्य लगभग पूरा हो रहा है। इसमें दोनों ओर पेवर लगाने का कार्य तत्काल शुरू कराएं। अच्छी गुणवत्ता के आकर्षक पेवर ब्लाक लगाएं। सिविल लाइन पार्क को विकसित करने के लिए 2.13 करोड़ रुपए के अतिरिक्त कार्य मंजूर किए गए हैं। इस राशि से 19 दुकानों, पार्किंग एरिया तथा चिल्ड्रेन एरिया का विकास किया जाएगा। साथ ही पार्क में ओपेन जिम की भी व्यवस्था की जाएगी। पार्क के समीप महिलाओं के लिए तीन तथा पुरूषों के लिए तीन शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी इन निर्माण कार्यों को शुरू कराने की कार्यवाही तत्काल शुरू करें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन सर्किट हाउस भवन का निर्माण समय सीमा में पूरा कराएं। इसकी आंतरिक साज-सज्जा, फर्नीचर आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। सर्किट हाउस में भी अतिरिक्त निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। अब निर्माण कार्यों की कुल लागत 6 करोड़ 25 लाख रुपए हो गई है। नवीन कार्यों को शुरू कराने की प्रक्रिया आरंभ करें। निरीक्षण के समय नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, श्री राजेश पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, अधीक्षण यंत्री शैलेन्द्र शुक्ला, कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *