बुजुर्ग समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणारुाोत हैं – आयुक्त नगर निगम रीवा

विश्व वृद्धजन दिवस पर बुजुर्ग मतदाताओं को किया गया सम्मानित
बुजुर्ग समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणारुाोत हैं – आयुक्त नगर निगम

रीवा 01 अक्टूबर 2023. विश्व वृद्धजन दिवस पर जिला स्तरीय समारोह नगर निगम के टाउनहाल में आयोजित किया गया। समारोह में 80 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं का पुष्पहारों तथा श्रीफल देकर सम्मान किया गया। आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने बुजुर्ग मतदाताओं को पुष्प भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम ने कहा कि आप सब बुजुर्ग समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणारुाोत हैं। आपका आशीर्वाद और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आज सभी बुजुर्ग मतदाताओं का सम्मान किया जा रहा है। कार्यक्रम में श्री मोहन सिंह जैसे मतदाता भी शामिल हैं जिन्होंने प्रथम आम चुनाव से लेकर अब तक हर बार मतदान किया है। आप सब आगामी विधानसभा चुनाव में भी अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें। साथ ही अन्य व्यक्तियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक और मनोहारी रंगोली बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।

समारोह में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रेयस गोखले ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार बुजुर्ग मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है। उन्हें मतदान के लिए विशेष सुविधा दी जाएगी। समारोह में प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने वृद्धजनों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। समारोह में उपस्थित सभी व्यक्तियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। समारोह में सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक एनपीएस परिहार, जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी, डॉ विनोद श्रीवास्तव, समाजसेवी सुजीत द्विवेदी, श्री सुशील तिवारी तथा बड़ी संख्या में बुजुर्ग मतदाता उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box