कलेक्टर ने निर्माणाधीन रतहरा तालाब का किया निरीक्षण

तालाब सौन्दर्यीकरण के कार्य 30 सितम्बर तक पूरा कराएं – कलेक्टर

रीवा 22 सितम्बर 2023. पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत रतहरा तालाब के सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। तालाब की मेड़ को सुदृढ़ करने के साथ इसमें पेवर लगाने, फूड स्टाल बनाने, सजावटी लाइट लगाने, घास लगाने तथा आकर्षक पौधे लगाने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने रतहरा तालाब के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि तालाब सौन्दर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य 30 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। इसके लिए अतिरिक्त मजदूर तथा मशीनें लगाएं। पेवर लगाने एवं पौधे रोपित करने का कार्य तेजी से पूरा कराएं। फूड स्टॉल की दुकानों एवं शौचालय का निर्माण भी समय-सीमा में पूरा कराएं। तालाब में गंदे पानी की आवक को रोकने के लिए नगर निगम के सहयोग से उचित प्रबंध करें।
कलेक्टर ने कहा कि तालाब के चारों ओर उचित स्थानों पर आमजनता के बैठने के लिए आकर्षक तथा आरामदायक कुर्सियाँ लगवाएं। तालाब की रेलिंग की पुताई तत्काल कराएं। बिजली का कनेक्शन लेकर लाइटें लगाने का काम तत्काल शुरू करें। निरीक्षण के समय कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह, कमलेश सचदेवा तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box