भारतीय किसान संघ के सुझावों का पालन कराया जायेगा – कलेक्टर

रीवा 06 मार्च 2023. कलेक्टर मनोज पुष्प की अध्यक्षता में भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों एवं जिले के विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन एवं सीईओ जिला पंचायत सौरभ सोनवणे उपस्थित रहे।

कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि किसानों की समस्याओं के निराकरण के साथ ही उनके द्वारा प्रस्तुत किये गये सुझावों का पालन सुनिश्चित कराया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि आगामी बैठक से पूर्व एजेण्डा तय कर विस्तार से विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी साथ ही किसान संघ के साथ खण्डस्तरीय बैठकें भी आयोजित की जायेंगी ताकि अनुभाग स्तर की समस्याओं का निराकरण हो सके। बैठक में कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले के चार क्षेत्रों में गौवंश वन्य विहार स्थापित किये जाने का प्रस्ताव है ताकि बेसहारा गौवंश के संरक्षण के साथ ही किसानों की फसल क्षति की बड़ी समस्या का निदान हो सके। उन्होंने किसानों से अपेक्षा की कि वे ग्राम वासियों को समझाइश दें कि गौवंश को बेसहारा न छोड़े ताकि खेती का पशुपालन से जुड़ाव बना रहे व किसान प्राकृतिक व जैविक खेती के लिये प्रेरित हों। कलेक्टर ने कहा कि बिना पशुपालन के खेती में स्थायी भाव नहीं आयेगा। उन्होंने पशुपालन विभाग के उप संचालक को जिले के शत-प्रतिशत पशुओं में टैग लगाये जाने के निर्देश दिये। किसान संघ द्वारा खेती को जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान पर कारगर उपाय करने की मांग पर कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारी को समुचित कार्यवाही सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कृषि, राजस्व, उद्यानिकी, खनिज, पशुपालन, विद्युत एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों को कारगर निराकरण किये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने किसान संघ के प्रतिनिधियों से अपील की कि गांव में नशामुक्ति के लिये सहयोग करें तथा इसके दुष्परिणाम से युवाओं को अवगत कराते हुए इनसे दूर रहने की समझाइश दें तथा वरिष्ठ जन स्वयं भी तम्बाकू आदि का सेवन न कर आदर्श प्रस्तुत करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने किसान संघ के प्रतिनिधियों से कहा कि अवैध नशे के खिलाफ पुलिस को सहयोग करें तथा हेल्पलाइन नं. 9479997171 पर गुप्त सूचना भी दें। उन्होंने जिले को नशामुक्त बनाने में सहभागी बनने का आहवान किया। किसान संघ के अध्यक्ष गजराज सिंह ने किसानों की विभिन्न समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया तथा अन्य उपयोगी सुझाव भी दिये। किसान संघ के प्रतिनिधियों में गांव में पशुओं से फसल की क्षति की रोकथाम के लिये अस्थाई बाड़ा बनाने की मांग की। संघ द्वारा अन्य विभागों से संबंधित मांगे भी बैठक में रखी गई जिनके समाधान कारक निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा किसान संघ के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *