स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण कार्य जनवरी माह तक पूरा करें – कलेक्टर

रीवा 14 दिसम्बर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प ने निर्माणाधीन स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित जिला खेल अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण कार्य जनवरी माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्पोर्ट्स काम्पलेक्स विन्ध्य क्षेत्र के खिलाड़ियों तथा आमजनों के लिए बड़ी सौगात है। इसमें फुटबाल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी टेबल टेनिस, कुश्ती तथा अन्य खेलों के प्रशिक्षण की विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें स्थापित होने वाले सभी खेल उपकरणों की समय पर स्थापना कराएं। इसका निर्माण पूरा होने के बाद खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के संबंध में समस्त प्रक्रियाएं सुनिश्चित कर लें। जिस तरह बड़े खेल संस्थानों का संचालन किया जाता है उसी तरह इस स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का भी संचालन किया जाएगा।
मौके पर उपस्थित जिला खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने बताया कि स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसमें जिम स्थापित कर दिया गया है। एथलेटिक्स ट्रैक बनाने का कार्य शीघ्र शुरू होगा। इसके लिए प्रारंभिक कार्यवाही सुनिश्चित कर ली गई है। बनाए गए ट्रैक पर सिंथेटिक ट्रैक लगाई जाएगी। बैडमिंटन कोर्ट, कबड्डी तथा टेबल टेनिस के लिए हॉल तैयार हो गए हैं। आवश्यक खेल उपकरणों को एक माह में स्थापित कर दिया जाएगा। निरीक्षण के समय निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box