कमिश्नर और कलेक्टर ने वेंकट भवन के स्वच्छता अभियान का लिया जायजा

साफ-सफाई से निखर रहा वेंकट भवन का सौंदर्य

रीवा 20 सितंबर 2022. रीवा की सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक इमारतों में से एक वेंकट भवन परिसर की साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। रीवा नगर गौरव दिवस के क्रम में इस सुंदर और आकर्षक भवन के परिसर की साफ-सफाई कराई जा रही है। इसमें 21 सितम्बर को पर्यटन, रीवा के इतिहास, विन्ध्य की धरोहरों से संबंधित चित्रकला, नारा लेखन, निबंध लेखन तथा अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी परिसर में लाडली लक्ष्मी बेटियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी तथा कलेक्टर मनोज पुष्प ने परिसर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का जायजा लिया। नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग के दल द्वारा परिसर से अनावश्यक पेड़ पौधों को हटाया जा रहा है। परिसर की साफ-सफाई से वेंकट भवन का वास्तविक रूप निखरकर सामने आया है।

कमिश्नर तथा कलेक्टर ने पूरे भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह भवन पुरातत्व की दृष्टि से संरक्षित महत्वपूर्ण भवन है। इसके मूल स्वरूप में किसी भी तरह का परिवर्तन किए बिना परिसर की साफ-सफाई कराएं। भवन भवन में कराए गए पुराने निर्माण कार्य में किसी भी तरह का परिवर्तन न करें। वेंकट भवन बहुत शानदार इमारत है। रीवा नगर गौरव दिवस में यहाँ विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को इसका भ्रमण कराया जा रहा है। जिससे नई पीढ़ी को रीवा की ऐतिहासिक विरासत की जानकारी हो सके। परिसर में आकर्षक वृक्षारोपण कराकर इसे सुंदर बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसे शहर में स्थित सबसे शांत और सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। पुरातत्व विभाग के सहयोग से भवन की साफ-सफाई तथा मरम्मत का कार्य किया जाएगा। भवन के सामने स्थित फव्वारे को भी शीघ्र ही सुधारकर इसके वास्तविक रूप में लाया जाएगा। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग केके गर्ग, समाजसेवी डॉ मुकेश येंगल उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box