पूर्व मंत्री श्री शुक्ल तथा कलेक्टर ने किया ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण

जिले में अब उपचार के लिए ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी – श्री शुक्ल

रीवा 01 दिसम्बर 2021. पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ल तथा कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय रीवा में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। इस प्लांट से प्रतिदिन 50 ऑक्सीजन सिलेण्डर भरे जा सकते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल मिश्रा एवं अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में कोरोना के संक्रमित पाए गए हैं। इसकों लेकर मुख्यमंत्री जी ने चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों को कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए आमजनों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना संक्रमण के समय ऑक्सीजन की बहुत अधिक मांग होती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार कई ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं। जिला अस्पताल में 50 सिलेण्डर भरने तथा चोरहटा में 500 सिलेण्डर प्रतिदिन ऑक्सीजन भरने की क्षमता है। अब जिले में उपचार के लिए ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। कई निजी अस्पताल में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं।

श्री शुक्ल ने कहा कि जिला अस्पताल तथा संजय गांधी अस्पताल में आईसीयू बेड एवं बच्चों के लिए आईसीयू की व्यवस्था की गई है। दवाएं तथा चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता भी पर्याप्त है। हर व्यक्ति सार्वजनिक स्थल पर मास्क का उपयोग करे तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करे। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करके ही इससे बचाव होगा। कोरोना की तीसरी लहर की आहट सुनाई देने लगी है। इससे बचने के लिए दूसरी डोज के पात्र सभी व्यक्ति अनिवार्य रूप से टीके लगवाएं। हमारी थोड़ी सी लापरवाही परिवार और जिले के लिए संकट का कारण बन सकती है।

Facebook Comments Box