दीप काम्प्लेक्स के दूकानदारों को बांटे गये डस्टबिन

रीवा 11 जुलाई 2021. रीवा शहर का दीप काम्प्लेक्स अब सुव्यवस्थित नजर आने लगा है। इस काम्प्लेक्स के दूकानदारों की पहल पर दूकानों के सामने खडे होने वाले वाहन अब व्यवस्थित ढंग से खडे किये जाते हैं जिससे यह काम्प्लेक्स व्यवस्थित तो दिखता ही है साथ ही आने वाले ग्राहकों को भी सुगमता हो रही है। आज दीप काम्प्लेक्स के दूकानदारों को पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेंद्र शुक्ल तथा कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी की उपस्थिति में डस्टबिन का वितरण किया गया। काम्प्लेक्स के दूकानदारों ने संकल्प लिया कि वह अपनी दूकानों व काम्प्लेक्स को स्वच्छ रखेंगे तथा कचरा यहां वहां न फेंककर डस्टबिन में ही डालेंगे। इस अवसर पर अपने उदबोधन में पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सभी दूकानदार डस्टबिन में जो कचरा डालेंगे उसे नगर निगम की कचरा गाडी द्वारा उठाया जायेगा। उन्होंने अपेक्षा की कि सभी दूकानदार व शहरवासी रीवा को साफ सुथरा रखने में अपना सहयोग करें। जिस प्रकार रीवा विकास के मामले में नित नये सोपान प्राप्त कर रहा है उसी क्रम में स्वच्छता के मामले में भी रीवा को प्रदेश व देश के स्वच्छ शहरों में शामिल होने में सभी का सहयोग अपेक्षित है।

Facebook Comments Box