धान उपार्जन में जानबूझकर की गड़बड़ी तो होगी जेल – कलेक्टर

रीवा 12 नवम्बर 2020. जिले भर में 16 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीद निर्धारित खरीदी केन्द्रों में होगी। इसके लिये सभी खरीदी केन्द्रों मे व्यापक प्रबंध किये जा रहे हैं। समर्थन मूल्य पर पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीदी के लिये कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीदी से जुड़े मैदानी अमले से बिन्दुवार चर्चा की। उन्होंने विकासखण्डवार आयोजित बैठक में समिति प्रबंधक, ऑपरेटर तथा सेल्समैनों को धान उपार्जन के संबंध में निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि हर पात्र किसान से धान का उपार्जन किया जायेगा। किसान को खरीदी केन्द्र में किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिये। धान उपार्जन में यदि किसी भी खरीदी केन्द्र में जानबूझकर गड़बड़ी की गई तो जेल भेजने की कार्यवाही की जायेगी।

कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सभी खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध करा दें। खरीदी केन्द्र में कम से कम तीन सिलाई मशीनें, तौल कांटे तथा पर्याप्त हम्माल तैनात रखें। खरीदे गये धान की सिलाई के बाद ही उसे परिवहन के लिये तैयार कालम में ऑनलाइन दर्ज करें। सभी खरीदी केन्द्रों की मैपिंग तथा जियो टैगिंग की गई है। खरीदी के संबंध में सही सूचनायें दर्ज करें। गलत जानकारी देने वाले पर प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी। खरीदी केन्द्र में धान की गुणवत्ता की जांच पारदर्शिता से करें। किसी भी तरह का विवाद होने पर जिला स्तरीय समिति द्वारा इसका निराकरण किया जायेगा। खरीदे गये धान का तत्काल उठाव सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर ने धान उपार्जन के सभी बिन्दुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में किसी भी तरह की कठिनाई आने पर तत्काल जिला स्तरीय कंट्रोल रूम अथवा मुझे सूचित करें। धान खरीदी केन्द्र में यदि कोई व्यक्ति अवैध तरीके से धान उपार्जन का प्रयास करे तो तत्काल सूचित करें। सभी खरीदी केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरे लगायें साथ ही मोबाइल से भी समय-समय पर ऑपरेटर धान खरीदी की वीडियो रिकार्डिंग अवश्य करें। खरीदी केन्द्र में सामूहिक जिम्मेदारी तथा टीम भावना से कार्य करें। खरीदी केन्द्र में सभी आवश्यक सूचनायें अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इला तिवारी ने कहा कि इस वर्ष धान उपार्जन में मिलर्स को भी खरीदी केन्द्र से सीधे 30 प्रतिशत धान के उठाव की अनुमति दी गई है। धान की मिलिंग करने वाले कैप में भंडारित धान भी ले सकते हैं। खरीदी के लिये किसान एसएमएस मिलने पर ही आयें। खरीदी केन्द्र में किसान के धान लेकर आने पर उसे ऑनलाइन टोकन दिया जायेगा। टोकन के क्रम के अनुसार धान का उपार्जन करें। संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में कड़ी निगरानी रखें। बैठक में उपायुक्त सहकारिता व्हीके पाण्डेय, महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक आरएस भदौरिया, जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएनएच खान जिला प्रबंधक नान आरएस तिवारी तथा खरीदी से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *