कोविड सेंटर के लिए सेवानिवृत्त अधीक्षक ने दी 21 हजार रूपये की सहयोग राशि

रीवा 29 जुलाई 2020. रीवा में कोरोना पीड़ितों के उपचार तथा उन्हें कोविड सेंटर में स्वस्थ्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आमजनता का भी सहयोग मिल रहा है। इस क्रम में सेवानिवृत्त अधीक्षक मूकबधिर विद्यालय शशिधरमणि त्रिपाठी ने 21 हजार रूपये की सहयोग राशि प्रदान की। कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने श्री त्रिपाठी सेे 21 हजार रूपये का चेक प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग कोविड सेंटर में विभिन्न सुविधाओं के विकास के लिए किया जायेगा। जिससे कोविड सेंटर में उपचार करा रहे कोरोना पीड़ितों को दिनभर मनोरंजन एवं स्वस्थ्य वातावरण की सुविधा मिल सकेगी।
कोरोना पीड़ितों को उपचार सुविधा देने के लिए जिला मुख्यालय रीवा के चिरहुला कालोनी में प्रधानमंत्री आवास में कोविड सेंटर बनाया गया है। इस सेंटर में रोगियों को उपचार के साथ-साथ नि:शुल्क भोजन की भी व्यवस्था की गयी है। कोरोना से संक्रमित होने के बाद पीड़ित व्यक्ति के लिए 14 दिनों के लिए आइसोलेशन में रखकर उपचार सुविधा दी जाती है। जिससे संक्रमित व्यक्ति से किसी अन्य व्यक्ति को कोरोना का संक्रमण न हो लेकिन आइसोलेशन में रहने पर कई बार रोगियों को अकेलापन महसूस होने लगता है। इसे दूर करने के लिए कोविड सेंटर में लूड़ों, कैरम, शतरंज जैसे इनडोर, खेल एवं संगीत सुनने की व्यवस्था की गयी है। कोविड सेंटर में धार्मिक तथा प्रेरक साहित्य उपलब्ध कराया जा रहा है साथ ही दैनिक समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं की भी व्यवस्था की जा रही है।

Facebook Comments Box