मतदाता जागरूकता संबंधी प्रतियोगिताएँ 5 जनवरी तक होगी आयोजित

रीवा 26 दिसंबर 2019. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आगामी 25 जनवरी को मतदाता जागरूकता दिवस मनाया जायेगा। इस क्रम में सभी शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इस संबंध में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी इला तिवारी ने बताया कि मतदाता जागरूकता के संबंध प्रतियोगिताएं महाविद्यालय स्तर तथा विद्यालय स्तर पर 5 जनवरी तक आयोजित की जा रही हैं। इनमें निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता तथा मतदाता जागरूकता नारा लेखन प्रतियोगिता शामिल हैं। सभी प्राचार्य 5 जनवरी तक अपने शिक्षण संस्थान में प्रतियोगिता आयोजित करके प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालें विद्यार्थियों की सूची प्रस्तुत करें। इन्हें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किये जायेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता के लिए नैतिक मतदान, मतदाता जागरूकता एवं चुनाव में युवाओं की भागीदारी विषय निर्धारित किये गये हैं। ऑनलाइन वोटिंग एक बेहतर विकल्प, मतदान होना चाहिए अनिवार्य तथा लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव एक साथ होने चाहिए, इन तीन विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए मतदान दिवस, आदर्श मतदान केन्द्र तथा चुनाव प्रचार एक दृश्य विषय निर्धारित किये गये हैं। नारा लेखन-स्लोगन के लिए चुनाव में महिलाओं की भागीदारी, लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका तथा मतदाता सूची में नाम जरूरी कोई मतदाता न छूटे विषय निर्धारित किये गये हैं। विजेताओं को 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा।

Facebook Comments Box