टीकाकरण कार्यक्रम में लिया जायेगा विद्यालयीन छात्रों का सहयोग

रीवा 25 दिसम्बर 2019. टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए नवाचार के तहत विद्यालयीन छात्रों का सहयोग लिया जायेगा। कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देशों के परिपालन में टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के लिए संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जिला एवं शिक्षा ब्लॉक अधिकारियों तथा समस्त प्राचार्यों से टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा है कि स्कूली छात्रों के माध्यम से घर एवं आस-पड़ोस के एक-एक बच्चे का टीकाकरण करायें। इसके लिए संबंधित छात्र को आईएमआई राजदूत का प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। इसी प्रकार जो स्कूली छात्र-छात्रायें अपने आस-पड़ोस के दो से पांच बच्चों का टीकाकरण करायेंगे तो उन्हें आईएमआई चैम्पियन का प्रमाण पत्र दिया जायेगा। इन छात्र-छात्राओं के नाम प्रत्येक एएनएम अपनी टेलीशीट में रिकार्ड के लिए दर्ज करेंगी जिसके आधार पर उन्हें प्रमाण पत्र दिया जा सकेगा।

Facebook Comments Box