विप्रो कंपनी से प्रदेश के युवाओं को आईटी क्षेत्र में मिलेगा रोजगार

मंत्री श्री शर्मा से विप्रो प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों की मुलाकात

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 5, 2019

जनसम्पर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री पी.सी शर्मा से विप्रो प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधि-मंडल ने श्री संजीव सिंह के नेतृत्व में मुलाकात की। इस दौरान म.प्र. में तकनीक के बेहतर उपयोग से प्रदेश की समृद्धि और युवाओं को रोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध करवाने पर चर्चा हुई। साथ ही आईटी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, साइबर सुरक्षा सहित कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विप्रो कंपनी ने प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को और बेहतर बनाने की दिशा में हर संभव प्रयास और सहायता करने के लिए अपनी सहमति दी।

 मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को सशक्त बनाने, नई नौकरियाँ देने, कौशल विकास, स्वास्थ्य आदि के क्षेत्रों में लगातार नई योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। साथ ही प्रदेश सरकार रोजगार क्षमता बढ़ाने के क्षेत्र में बड़े व्यापारियों के लिए सरल एवं सुविधाजनक व्यापार के लिए आवश्यक कानूनी प्रावधान करने की दिशा में काम कर रही है।

इस मौके पर विप्रो प्रबंधन के इंडिया स्टेट रन एंटरप्राइजेज बिजनेस हेड श्री संजीव सिंह, श्री कपिल शर्मा, श्री मधुसूदन कुलकर्णी, श्री पारस कुमार मौजूद रहे।

 

Facebook Comments Box