प्रभारी मंत्री ने पचमठा आश्रम में बाउंड्रीबाल एवं 10 कमरे का निर्माण कराने के दिये निर्देश

रीवा 25 फरवरी 2019. जिले के प्रभारी मंत्री लखन घनघोरिया पचमठा आश्रम पहुंचकर वहां प्रारंभ हो रहे लक्ष्मी नारायण महायज्ञ वेदी में वेदमंत्रों के साथ पूजा अर्चना कर यज्ञ का शुभारंभ किया। उन्होंने आश्रम में आम्र का पौधा रोपा। प्रभारी मंत्री श्री घनघोरिया ने पचमठा आश्रम में संचालित हो रहे संस्कृत स्कूल को अनुदान दिलाने, आश्रम के चारों ओर बाउंड्रीबाल का निर्माण कराने, दस कमरों का निर्माण शीघ्र कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जगतगुरू आदिशंकराचार्य द्वारा प्रतिष्ठापित यह पचमठा आश्रम है। यह हमारी महत्वपूर्ण धरोहर है, लगातार यहां के भू-भाग को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की जा रही है अत: कलेक्टर इस पर पैनी निगाह रखे कि यहां कि भूमि सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि पचमठा आश्रम को संरक्षित धरोहर घोषित करने में धर्मस्व न्याय विभाग से संपर्क किया जाये।
प्रभारी मंत्री श्री घनघोरिया ने पचमठा आश्रम में गौशाला विकसित करने के लिये कहा। उन्होंने संगीतमयी श्रमद्भागवत कथा का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय मिश्रा, गुरूमीत सिंह मंगू, श्रीमती कविता पाण्डेय, सुखेन्द्र सिंह बन्ना, डॉ. विमल पाण्डेय, कलेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आबिद खान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Comments Box