सिंहस्थ में नीमच के फूल बिखेरेंगे अपनी खुशबू

नीमच की एक महिला किसान रेखाबाई बाछड़ा ने पॉली-हाउस से खेती को लाभ का व्यवसाय बनाकर अन्य किसानों के लिये अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। नीमच के समीप गाँव जेतपुरा की अनुसूचित-जाति बाछड़ा समुदाय की महिला रेखाबाई ने उद्यानिकी मिशन के जरिये एक हेक्टेयर में 9 लाख 34 हजार की लागत से पॉली-हाउस का निर्माण किया है।

रेखाबाई ने सामाजिक परम्परा से अलग हटकर उन्नत कृषि तकनीक को आजीविका का साधन बनाकर सम्मान पूर्वक जीवन जीने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। रेखाबाई के पति ड्रायवर का काम करते हैं। जब वे गुजरात गये तो उन्होंने वहाँ पॉली-हाउस देखा, तो उनके मन में भी पॉली-हाउस का निर्माण कर खेती करने का विचार आया। यह बात उन्होंने अपनी पत्नी रेखाबाई को बतायी। रेखाबाई ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से मिलकर पॉली-हाउस निर्माण की योजना पर चर्चा की।

पॉली-हाउस निर्माण पर रुपये 9 लाख 36 हजार का खर्च आया है। इसमें उन्हें 50 प्रतिशत का अनुदान राज्य शासन से मिला है। रेखाबाई ने सबसे पहले ककड़ी की फसल बोई। इससे उन्हें डेढ़ लाख की अतिरिक्त आमदनी हुई। रेखाबाई ने उद्यानिकी विभाग के कर्मचारियों से चर्चा कर हाईब्रिड पीले और नारंगी रंग के गेंदे के फूल लगाये। उनके पॉली-हाउस में इन दिनों बड़े-बड़े फूल खिल रहे हैं। रेखाबाई ने गेंदे के फूल को उज्जैन सिंहस्थ में भेजने की तैयारी की है। इससे उन्हें अच्छी आमदनी की संभावना है। पिछले दिनों उज्जैन कमिश्नर श्री रवीन्द्र पस्तोर ने भी पॉली-हाउस देखा और प्रशंसा की। रेखाबाई को उम्मीद है कि उनके पॉली-हाउस के गेंदे के फूल सिंहस्थ में खुशबू बिखेरेंगे।

arinfo.in

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *