तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर किया गया जागरूकता रैली का आयोजन

तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर स्व. अरविंद शर्मा कैंसर वेलफेयर सोसायटी और स्वयं सेवी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। नशा छोड़ने का संदेश देती हुई यह रैली सरस्वती स्कूल जेलमार्ग से आरंभ हुई तथा इसका समापन विवेकानंद पार्क में हुआ।
तम्बाकू निषेध दिवस पर आयोजित इस जागरूकता रैली के अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। लोग इससे दूर रहें और अपने बच्चों को भी इसके खतरे से अवगत करायें। नशे से नयी पीढ़ी को बचाने की चुनौती हम पर है। उन्होंने कहा कि नशा विकास का भी अवरोधक है। इसलिये नशा मुक्त रीवा बनाते हुये रीवा को नयी ऊचाईयों तक ले जाना है। उद्योग मंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम और रैलियों के माध्यम से लोगों में नशा न करने का संदेश पहुंचेगा। उन्होंने इस दौरान उपस्थित जनों को नशा न करने की शपथ भी दिलायी। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित महाराजा पुष्पराज सिंह ने भी लोगों से नशा छोड़ने की अपील की। जागरूकता रैली कार्यक्रम में जिला गौ संवर्द्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग विनोद श्रीवास्तव, भारती शर्मा, जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक अमिताभ श्रीवास्तव सहित गणमान्य नागरिक, एनसीसी के छात्र व स्वयं सेवी संगठनों के सदस्य उपस्थित थे।

Facebook Comments Box