मनगवां से चाकघाट फोरलेन सड़क का निर्माण अक्टूबर तक पूरा करें – उद्योग मंत्री

उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माणाधीन मनगवा-चाकघाट फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों तथा निर्माण कार्य कर रही एजेन्सी के प्रतिनिधियों को मौके पर सड़क निर्माण के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लें। सोहागी घाट में सड़क प्राथमिकता से तथा गुणवत्तापूर्ण बनायें। यदि वर्षा से पहले सड़क का कार्य अधूरा रहा तो आवागमन में परेशानी होगी। मनगवां से चाकघाट फोरलेन सड़क का निर्माण अक्टूबर 2018 तक हर हाल में पूरा करायें। निर्माणाधीन पुल पुलियों का निर्माण वर्षा से पहले पूरा करें।
उद्योग मंत्री ने कहा कि वर्षा से पहले टू लेन सड़क का निर्माण हर हाल में पूरा कर दें जिससे आवागमन सुगमता से जारी रहे। जिन स्थलों में प्रारंभिक कार्य पूरा हो गया है उनमें डामरीकरण का कार्य तेजी से करायें। सड़क निर्माण में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जायेगी। तकनीकी अधिकारी सड़क निर्माण की नियमित निगरानी करें। निर्माण की प्रगति की जानकारी हर सप्ताह अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उद्योग मंत्री ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

Facebook Comments Box