मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में पर्यटकों को मिलेगी उत्तम खान-पान की सुविधा

पगमार्क कैफे का हुआ शुभारंभ

महाराजा मार्तण्ड सिंह व्हाइट टाइगर सफारी मुकुंदपुर में मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के अन्तर्गत 60 लाख रूपये की लागत से निर्मित पगमार्क कैफे का आज उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल एवं मप्र विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र कुमार सिंह की उपस्थिति में शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में आने वाले पर्यटकों को जानवरों के दीदार के बाद कैफेटेरिया में खाने की सुविधा मिलेगी। यह कफैटेरिया पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। उन्होंने कहा कि विन्ध्य में पर्यटन क्रांति लाकर इसके माध्यम से बेरोजगारी को दूर करने का कार्य किया जायेगा। रीवा एवं विन्ध्य क्षेत्र विकास के विभिन्न आयामों के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी अपना स्थान बनाने में सफल हो रहा है। शीघ्र ही रीवा को उड़ान योजना (उड़ेगा देश का आम नागरिक)से जोड़ा जा रहा है। जिसके तहत 500 किमी की यात्रा ढाई हजार रूपये में वायुमार्ग द्वारा की जा सकेगी। रीवा हवाई पट्टी के विस्तार के बाद यहां से 72 से 80 सीटर विमान देश के विभिन्न शहरों के लिये उड़ान भरेंगे। उन्होंने रीवा में पर्यटन के क्षेत्र में कार्य के प्रति अपना संकल्प दोहराया। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुकुंदपुर सफारी में निर्माणाधीन बाड़ों को पूरा कराकर शेष जानवरों के लाये जाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जायेगा।
मप्र विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है जहां रोजगार के ज्यादा अवसर मिलते हैं। इस क्षेत्र में सेवा की असीमित संभावनाएं हैं। पर्यटन से क्षेत्र में खुशहाली आती है। उन्होंने उद्योग मंत्री को रीवा में विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों के लिये साधुवाद दिया। जिसके कारण विन्ध्य पर्यटन के नक्शे में स्थापित हो सका। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही पर्यटकों को सुविधाएं भी मिलें ऐसे उपक्रम संचालित किये जायें। संविदाकार श्रीमती प्रमोद सिंह द्वारा बनाये गये खूबसूरत कैफेटेरिया की उपाध्यक्ष ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सतना श्रीमती सुधा उमेश सिंह ने कहा कि मुकुंदपुर सफारी के साथ कैफेटेरिया एक सौगात है। जहां पर्यटकों को सुकून के दो पल बिताने व थकान मिटाने का मौका मिलेगा। इससे पूर्व पर्यटन विकास निगम के जोनल मैनेजर जोसेफ ने विभागीय गतिविधियों के विषय में जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कैफेटेरिया में पर्यटकों को उत्तम क्वालिटी के स्वच्छ खान-पान की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी। कार्यक्रम का संचालन रीवा फूड क्रॉफ्ट के प्राचार्य श्री मुंडे ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत अमरपाटन तारा विजय सिंह, जनपद सदस्यगण, जनप्रतिनिधि, मुख्य वन संरक्षक अतुल खेड़ा, वनमण्डालधिकारी सतना राजीव मिश्रा, वनमण्डलाधिकारी रीवा विपिन पटेल, संचालक व्हाइट टाइगर सफारी संजय रायखेड़े, विधायक प्रतिनिधि विवेक दुबे, प्रदीप सिंह पटना, पर्यटन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री परिहार सहित वन विभाग, पर्यटन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *