फीफा अंडर 17 विश्वकप इंग्लैंड ने जीता खिताब

स्पेन को हराकर इंग्लैंड पहली बार फीफा अंडर 17 विश्वकप का विजेता बन गया है। कल कोलकाता में खेले गए फाइनल मैच में 2-0 से पिछड़ने के बाद इंग्लैंड ने चमत्कारिक रूप से वापसी करते हुए स्पेन को 5-2 से रौंद दिया।

दर्शकों से खचाखच भरे कोलकाता के मैदान में पहला हाफ स्पेन के नाम रहा। कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में लगभग 60 हजार मौजूद दर्शकों के बीच पहला गोल स्पेन ने किया। सर्जियो गोमेज ने 12वें मिनट में स्पेन को 1-0 से बढ़त दिलाई। स्पेन ने दूसरा गोल 35वें मिनट में दागा। एबेल रूइज ने मौका बनाया और सर्जियो गोमेज ने अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
इंग्लैंड के लिए सेमीफाइनल के हीरो ब्रेवस्टर संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने 44वें मिनट में सेसेगांव के क्रास पर गोल किया। इसके बाद इंग्लैंड ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पहले हाफ तक स्कोर स्पेन 2-1 इंग्लैंड था। लेकिन दूसरा हाफ पूरी तरह से इंग्लैंड के नाम रहा।
इंग्लैंड की तरफ से 58वें मिनट में गिब्स व्हाइट ने गोल दागा। गिब्स व्हाइट को गोल के ठीक सामने सेसेगांव से पास मिला, जिस पर उन्होंने कोई गलती नहीं की। इस तरह दोनों टीमों का स्कोर 2-2 से बराबर हो गया।
फिल फोडेन ने 69वें मिनट इंग्लैंड की ओर से एक और गोल करके 3-2 की बढ़त दिला दी। फिर 84वें मिनट में मार्क ने इंग्लैंड को 4-2 से आगे कर दिया। ब्रेवस्टर का शॉट रोके जाने पर मार्क ने मौका मिलते ही गेंद गोल में ठेल दी। इस तरह से इंग्लैंड की जीत लगभग पक्की हो गई। पर इंग्लैंड यहीं नहीं ठहरा।
88वें मिनट में फिल फोडेन ने इंग्लैंड को 5-2 से आगे कर दिया। हडसन के पास पर फिल फोडेन गेंद लेकर खाली गोल की ओर बढ़े और गोलकीपर को परास्त कर गोल कर दिया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *