इस बार होगी अयोध्या में भव्य दीपावली

अयोध्या में इतिहास की सबसे बड़ी दीपावली मनाने की तैयारी चल रही है। कहा जा रहा है कि जैसी दीपावली त्रेता युग में श्रीरामचन्द्रजी के अयोध्या आगमन पर मनाई गई थी वैसी ही इस बार होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या पहुंचेगे। अयोध्या में सरयू का बड़ा धार्मिक महत्व है। योगी आदित्यनाथ यहां सरयू की आरती करेंगे। इसके लिए राम की पौड़ी के पास ख़ास तैयारियां की गई हैं। राम की पौड़ी पर 2 लाख दीप जलाए जाएंगे। रामकथा पार्क में श्रीराम की आरती और अभिषेक का भी कार्यक्रम है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल कहा था कि सभी को भारतीय समाज की पंरपराओं का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि इसमें सभी का योगदान है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या आगमन से श्री राम की नगरी के संत समाज के लोग बेहद उत्साहित है।

अयोध्या में दीपोत्सव मनाने का कार्यक्रम हेरिटेज वॉक के साथ शुरू हुआ। हेरिटेज वॉक सरयू नदी के ऋणमोचनघाट स्थित कंचनभवन से नागेश्वरनाथ मंदिर के बीच दो किलोमीटर तक चला। आज दोपहर दो बजे से राम के अयोध्या आगमन को दर्शाते हुए साकेत महाविदयालय से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। यह अयोध्या के मुख्य मार्गों से होते हुए चार बजे रामकथा पार्क पहुंचेगी। शोभायात्रा की अगवानी के लिए राज्यपाल व मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में मौजूद रहेंगे। शोभायात्रा पहुंचने के पश्चात रामकथा पार्क में श्रीराम जानकी का पूजन-वंदन और आरती, श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा। रामकथा पार्क में ही अयोध्या के विकास से संबंधित कार्यों का शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे।

श्रीराम के अयोध्या में स्वागत के प्रतीक दीयों के त्यौहार दीवाली के लिए सजी भगवान राम की नगरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहेंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अयोध्या को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की है योजना।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *