डॉ.एस.के.खनीजो आई.एम.ए. अवार्ड की घोषणा होना गर्व का विषय है-उद्दोग मंत्री

डॉ. एस.के. खनीजो आदर्श व्यक्ति हैं। उनके कार्य हम सबके लिये प्रेरणादायी हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन चिकित्सा क्षेत्र को समर्पित कर दिया। यह बातें उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय सभागार में आयोजित डॉ. एस.के. खनीजो आई.एम.ए.अवार्ड के घोषणा समारोह के अवसर पर कही।
इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र, डॉ.एस.के.खनीजो, डॉ. सत्या खनीजो, आई.एम.ए. भोपाल शाखा के प्रेसीडेण्ट डॉ.पी.एस. चंदेल, सचिव डॉ. आर.के.पाठक., डॉ.पी सी द्विवेदी, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. एच.पी. सिंह, डॉ मनोज इंदुलकर सहित वरिष्ठ चिकित्सकगण और पुरा छात्र उपस्थित थे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि डॉ.एस.के.खनीजो आई.एम.ए. अवार्ड की घोषणा होना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वह डॉ. खनीजो का नाम बचपन से ही जानते हैं। वह चिकित्सक के साथ-साथ सक्रिय नागरिक भी रहे। उनकी रीवा जिले के विकास कार्यों मे गहरी रूचि है। डॉ. खनीजो का सम्मान समूचे रीवा का सम्मान है। उन्होंने डाक्टरी पेशे को करूणा और संवेदनशीलता के साथ निभाया। उन्होंने कहा कि डाक्टर को भगवान का दर्जा दिया गया है। अत: एक डाक्टर को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए। जैसा कि डॉ. खनीजो ने अपना जीवन चिकित्सा क्षेत्र को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. खनीजो का नाम रीवा के इतिहास में लिखा जायेगा। उद्योग मंत्री ने डॉ. एस. के. खनीजो और डॉ. सत्या खनीजो का शाल व श्रीफल से सम्मान किया।
सांसद जनार्दन मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. खनीजो ने चिकित्सा जगत में जिस चरित्र का निर्माण किया है उसे बनाये रखना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने डाक्टर और मरीज के संबंध को प्रगाढ़ बनाने पर बल दिया।
डॉ. सत्या खनीजो ने डॉ. एस.के. खनीजो आई.एम.ए. अवार्ड की घोषणा पर कहा कि आप सभी से हमेशा स्नेह और सम्मान मिला। डॉ पी.सी. द्विवेदी ने बताया कि मेडिकल कालेज को संवारने में डॉ. खनीजो का महत्वपूर्ण योगदान था। डॉ. एच. पी. सिंह ने डॉ. खनीजो के जन्म, शिक्षा-दीक्षा और उनके चिकित्सकीय पेशे के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इससे पूर्व डॉ. ज्योति सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुये बताया कि डॉ.एस.के. खनीजो अवार्ड राज्य स्तरीय अवार्ड है। यह उन युवा चिकित्सकों को दिया जायेगा जो चिकित्सा संबंधी कार्यों में अपनी बेहतर भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ.आर.के.पाठक और डॉ. पी.एस. चंदेल ने डॉ.एस.के.खनीजो.आई.एम.ए. अवार्ड का घोषणा पत्र डॉ. खनीजो को सौंपा और बताया कि 2018 से यह अवार्ड प्रत्येक वर्ष आई.एम.ए. की मध्यप्रदेश शाखा द्वारा दिया जायेगा। इस दौरान रीवा आई.एम.ए प्रेसीडेण्ट की ओर से आई.एम.ए. मप्र स्टेट जबलपुर को पांच लाख रूपये की राशि का चेक सौंपा गया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *