अहमदाबाद में देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का हुआ शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आज गुजरात के अहमदाबाद में देश की पहली बुलेट ट्रेन का शिलान्यास किया। इसके साथ ही देश में बुलेट ट्रेन के युग की शुरूआत हो गई।

पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन से जहाँ एक ओर अहमदाबाद से मुंबई की दूरी 7 घंटे की बजाय लगभग 2 घंटे में पूरी की जा सकेगी तो वहीँ इससे हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बनेंगे। प्रधानमंत्री ने बुलेट ट्रेन की नींव रखने को नए भारत की इच्छा का विस्तार करार देते हुए कहा कि इससे तेज गति के साथ ही तेज प्रगति भी होगी। उन्होंने बुलेट ट्रेन को पर्यावरण के अनुकूल भी बताया।

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि भारत और जापान के बीच संबंधों में असीम संभावनाएं हैं।

शिंजो आबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि की सराहना की और कहा कि भारत में बुलेट ट्रेन चलाने में जापान हर संभव सहयोग करेगा। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि भारत के मानव संसाधन और जापान की तकनीक को मिला दिया जाए तो भारत विश्व का कारखाना बन सकता है। उन्होंने कहा कि जापान की कंपनियां भारत के सहयोग के प्रति काफी गंभीर है।

पीएम मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने गांधीनगर में दांडी कुटीर संग्रहालय का भ्रमण किया। दांडी कुटीर भारत का ऐसा सबसे बड़ा और इकलौता संग्रहालय है जिसका निर्माण केवल एक व्‍यक्ति राष्ट्रपिता महात्‍मा गांधी के शिक्षाओं पर आधारित है। स्वतंत्रता, पूर्ण स्वराज की ओर मार्च करने के लिए, एक बहुलवादी समाज को प्रेरित करने के लिए गांधीजी ने नमक को एक प्रतीक के रूप में सबसे सामने प्रस्‍तुत किया था। गांधीजी की दांडी यात्रा समाज के सभी वर्ग, लिंग, आयु और समुदाय के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। यह संग्रहालय गांधीजी के इन्‍हीं शक्तिशाली विचारों का प्रतिनिधित्व करता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के नेतृत्व में आज दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई जिसके बाद दोनों देशों के बीच 15 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। दोनों देशों के बीच विज्ञान एवं तकनीक, खेल, शिक्षा, नागरिक विमानन समेत कुछ अन्य क्षेत्रों में समझौते हुए।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *