रीवा में जन आभार यात्रा में लाड़ले मुख्यमंत्री का हुआ आत्मीय स्वागत

रीवा में जन आभार यात्रा में लाड़ले मुख्यमंत्री का हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ यादव का रीवा की जनता ने पुष्प वर्षा करके किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री की जन आभार यात्रा में उमड़ा जन सैलाब
जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ यादव तथा उप मुख्यमंत्री का हुआ ऐतिहासिक स्वागत

रीवा 05 जनवरी 2024. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जन आभार यात्रा में आज रीवा पहुंचे। विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से जन आभार यात्रा आरंभ हुई। मुख्यमंत्री का विवेकानंद पार्क पहुंचने पर ढोल ढमाकों तथा पुष्प वर्षा के साथ लाड़ली लक्ष्मी बेटियों ने स्वागत किया। लाड़ली बहना हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। फूलों से सजे वाहन में मुख्यमंत्री जी जन आभार यात्रा में धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए आमजनता के बीच पहुंचे। वाहन में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री जनार्दन मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ अजय सिंह मुख्यमंत्री के साथ रहे। मुख्यमंत्री का कालेज चौराहे पर छात्र संगठन तथा खिलाड़ियों ने आत्मीय स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सभी का अभिवादन किया। जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री को तलवार भेंट की गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दोनों हाथों से तलवारें चलाकर लोगों का अभिवादन किया। सफेद शेरों की पावन धरा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के रीवा पहुंचने पर विवेकानंद पार्क से लेकर सांई मंदिर तक आभार यात्रा मार्ग को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था।

मुख्यमंत्री डॉ यादव के प्रथम रीवा आगमन पर उनके स्वागत में जन सैलाब उमड़ा। मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में आमजन अपने लाड़ले मुख्यमंत्री से मिलने के लिए देर तक प्रतीक्षा करते रहे। मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचने पर आमजनता ने पुष्प वर्षा करके मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। जन आभार यात्रा में जनसेवा मित्रों तथा पटेल समाज द्वारा मुख्यमंत्री का कालेज चौराहे में सम्मान किया गया। सरपंच संघ के प्रतिनिधियों तथा कोल समाज के प्रतिनिधियों ने जान टावर के सामने मुख्यमंत्री का ढोल नगाड़ों तथा पुष्पहार से स्वागत किया। रिमझिम बारिश के बीच जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री बौद्ध समाज, कबीर संघ तथा रविदास समाज ने पुष्पवर्षा करके स्वागत किया। जन आभार यात्रा के मार्ग के घरों से भी आमजनता ने मुख्यमंत्री डॉ यादव पर पुष्पवर्षा करके उनका अभिनंदन किया। जन आभार यात्रा में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा संबल योजना के हितग्राहियों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मानस भवन के सामने मुख्यमंत्री जी का रथ पहुंचने पर पार्षद कैप्टन नापित के नेतृत्व में भूतपूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। जन आभार यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों स्वयंसेवी संस्थाओं, भारत वंशीय यादव महासभा एवं दुग्ध विक्रेता संघ, पेंशनर समाज, अधिवक्ता संघ, रीवा व्यापारी महासंघ, मुस्लिम समुदाय, सिख समाज, सिंधी समाज, विन्ध्य व्यापारी संघ, संत निरंकारी गायत्री परिवार, विप्र सेवा, प्रजापिता ब्राम्हकुमारी, रोटरी एवं लायंस क्लब, दवा विक्रेता संघ, अनाज व्यापारी संघ, सराफा व्यापारी संगठन तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री डॉ यादव का गजमाला, पुष्पवर्षा एवं केक कटवाकर तथा श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति की स्मृति चिन्ह, महामृत्युंजय भगवान का तैलचित्र एवं मुख्यमंत्री जी के स्केच चित्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री रामचरित मानस भी भेंट की गयी।

जन आभार यात्रा में हर्षित मन से मुख्यमंत्री ने आमजनता का अभिवादन किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पूरी आभार यात्रा में देशभक्त के गीत, ढोल नगाड़ों के स्वर और जयकारे गूंजते रहे। जन आभार यात्रा में कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, कमिश्नर नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं नगर निगम के पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *