नगरीय निकायों में पर्यावरण संरक्षण के उपाय तत्परता से करें – कलेक्टर

रीवा 23 दिसम्बर 2022. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में रीवा नगर निगम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, बीहर, बिछिया तथा टमस नदियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की समीक्षा की गयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि रीवा नगर निगम क्षेत्र तथा सभी नगरीय निकायों में पर्यावरण संरक्षण के उपाय तत्परता से करें। पर्यावरण का संरक्षण मानव का अस्तित्व इस धरा पर बचाये रखने के लिए आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए समय पर प्रयास नहीं किये गये तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि वन मंडला अधिकारी नदियों के किनारे वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार कर 15 दिवस में प्रस्तुत करें। वन विभाग नदियों के किनारे जन सहयोग से वृक्षारोपण का अभियान चलाये। रीवा शहर में बीहर नदी में रिवर फ्रंट का निर्माण कार्य जारी है। इस कार्य से नदियों में कटाव की समस्या समाप्त होगी। नदी के किनारे के अवैध निर्माण कार्य तथा अतिक्रमण हटाये जा चुके हैं। कई घाटों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। नदियों की साफ-सफाई करायी गयी है। नदी में किसी भी तरह की गंदगी करने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा ने बताया कि नगर निगम के जयंती कुंज क्षेत्र में 12 एमएलडी का एसटीपी प्लांट बनाया जा चुका है। यहां जल-मल पहुंचाने के लिए सीवर लाइन का कार्य भी पूरा हो गया है। इसमें 6 हजार घरों का कनेक्शन करना है जिनमें से 3500 घरों के कनेक्शन कर दिये गये हैं। शेष कनेक्शन दो माह में कर दिये जायेंगे। सीवर लाइन बनाने वाली एजेंसी को टर्मिनेट करने के कारण इस कार्य में बाधा आयी है शीघ्र ही इस कार्य के लिए नई एजेंसी तैनात की जायेगी। नगर से निकलने वाले कचरे के ट्रीटमेंट का प्लान पहड़िया में एक वर्ष से संचालित है। मेडिकल बायोबेस्ट का भी ठीक तरीके से निपटान किया जा रहा है। बाढ़ नियंत्रण के लिए शहर में क्षेत्र चिन्हित करके आवश्यक उपाय किये गये हैं। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी चाकघाट ने बताया कि नगर परिषद चाकघाट का पर्यावरण संरक्षण कार्यों के लिए नमामि गंगे परियोजना तथा अमृत-2 परियोजना में चयन किया गया है। इसके लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। बैठक में सिचाई प्रबंधन तथा जल जीवन मिशन के कार्यो के संबंध में चर्चा की गयी। बैठक में डिप्टी कलेक्टर संजीव पाण्डेय, उप संचालक प्रदूषण निवारण मंडल, अधीक्षण यंत्री नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला, कार्यपालन यंत्री एसके चतुर्वेदी, उप संचालक कृषि यूपी बागरी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *