अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तथा कलेक्टर ने मौके पर जाकर किया बचाव कार्य स्कूल बस दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल पहुंचायी गयी सहायता

रीवा 20 दिसम्बर 2022. जिले के पनवार थाना क्षेत्र में सुबह लगभग 8.30 बजे ग्राम पतियारी में दो यात्री वाहनों के टकराने से दुर्घटना हुई। ग्रीनवार्ड विद्यालय दिव्यगवां की स्कूल पिकअप वैन क्रमांक एमपी-17 जी 2472 कोहरे के कारण शुक्ला ट्रेवल्स की बस से टकरा गयी यह बस डभौरा से जवा होते हुए चाकघाट जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर मनोज पुष्प तथा पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केपी व्यंकटेश्व राव एवं डीआईजी मिथिलेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में एक बच्ची की दुखद मृत्यु हो गयी। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में लगभग 25 स्कूली बच्चे थे इनमें से सामान्य रूप से घायल 10 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जवा में भर्ती कराकर उपचार की सुविधा दी गयी। गंभीर रूप से घायल पांच बच्चों को सामान्य उपचार के बाद तत्काल संजय गांधी हास्पिटल रीवा में भर्ती कराया गया। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तथा कलेक्टर ने दुर्घटना से पीड़ित बच्चों के परिजनों से भेंटकर उन्हें सांत्वना दी। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के आदेश दिये हैं। पुलिस स्थानीय प्रशासन तथा ग्रामीणों ने बस दुर्घटना पीड़ितों तत्काल सहायता पहुंचायी।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *