कलेक्टर ने महिला अग्निवीरों की भर्ती के तैयारियों की समीक्षा की

रीवा 30 अगस्त 2022. भारतीय सेना द्वारा अग्निपथ योजना के तहत महिला अग्निवीरों की सैन्य पुलिस रैली 19 से 22 अक्टूबर तक जबलपुर में आयोजित की जा रही है। इसमें शामिल होने के लिए पात्र बेटियां 7 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। कलेक्टर मनोज पुष्प ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक में भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि महिला अग्निवीरों की भर्ती के लिए जांबाज बेटियों को प्रोत्साहित करें। जो बेटियां 7 सितम्बर तक भर्ती रैली में भाग लेने के लिए पंजीयन कराएं उन्हें फिजिकल ट्रेनिंग तथा लिखित परीक्षा के संबंध में उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी तथा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी इसके लिए विकासखण्ड स्तर पर व्यवस्था करें। जिला स्तर पर भी इसके लिए शिविर लगाया जा सकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग भर्ती के योग्य लड़कियों को उचित मार्गदर्शन देकर उन्हें अग्निपथ योजना से लाभान्वित कराएं। भर्ती का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुपों में भी इसकी जानकारी शेयर करें।
बैठक में संभागीय सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल पी गंगा ने बताया कि भर्ती रैली में 17 वर्ष 6 माह की आयु से लेकर 23 वर्ष की आयु तक की लड़कियाँ भाग ले सकती हैं। इसके लिए महिला सैन्य पुलिस भर्ती रैली 19 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक जबलपुर में आयोजित की जा रही है। इसमें मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की पात्र युवतियां भाग ले सकती हैं। रैली के संबंध में विशेष जानकारी प्राप्त करने के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट ज्वाइनइंडियनआर्मी डॉट एनआईसी डॉट इन पर 7 सितम्बर तक ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सकता है। इस संबंध में अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए फोन नम्बर 0761-2607637 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
बैठक में संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने बताया कि अग्निवीर रैली में पंजीयन कराने वाली लड़कियों को फिजिकल ट्रेनिंग देने के लिए विकासखण्ड स्तर पर व्यवस्था रहेगी। ट्रेनिंग से संबंधित वीडियो भी उन्हें उपलब्ध कराए जाएंगे। संभाग की अधिक से अधिक बेटियाँ इसका लाभ ले सकें इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़ें, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा पंकज श्रीवास्तव, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास आशीष दुबे तथा प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *