मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा

रीवा 12 अगस्त 2022. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किय जा रहा है। प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के हर घर में इस अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा अवश्य फहरायें। इस अभियान के लिए पूरे प्रदेश में सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ है। सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया तथा अन्य माध्यमों में हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की खबरें प्राथमिकता से आ रही है। रैली, संगोष्ठी, तिरंगा यात्रा तथा अन्य माध्यमों से लोगों तक इस अभियान से जुड़ने के संदेश पहुंचाए जा रहे हैं। सभी कलेक्टर तिरंगे के निर्धारित संख्या में शत-प्रतिशत वितरण कराते हुए इन्हें आमजनता तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया में प्रमुख जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा समाजसेवियों की वीडियो बाइट प्रसारित करें।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में महिला स्वसहायता समूहों से एक करोड़ 50 लाख झण्डे बनाने का लक्ष्य था अब तक एक करोड़ 54 लाख झण्डे महिला स्वसहायता समूहों ने तैयार कर लिए हैं। प्रदेश भर में बनाए गए 40 हजार वितरण केन्द्रों के माध्यम से इनमें से एक करोड़ 40 लाख झण्डे वितरित किए जा चुके हैं। इस अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जिलों में कई नवाचार किए गए हैं। बस्तियों में बड़ी संख्या में झण्डे लगाए जा चुके हैं। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि रीवा जिले में अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। अब तक पांच लाख पांच हजार झण्डे वितरित किए जा चुके हैं। ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्र के वार्डों में वितरण के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। पूरे जिले में मानव श्रंखला बनाकर, साइकिल तथा बाइक रैली निकालकर एवं विद्यार्थियों द्वारा रैली निकालकर अभियान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सोशल मीडिया में भी अभियान से जुड़ी खबरें एवं गतिविधियां दी जा रही हैं।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केपी व्यंकटेश्वर राव, अपर कमिश्नर छोटे सिंह, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *