नगर निगम द्वारा शहर भर में उपलब्ध कराए जा रहे हैं तिरंगे

रीवा 09 अगस्त 2022. रीवा नगर निगम क्षेत्र में भी जोर-शोर से हर घर तिरंगा अभियान के लिए तैयारियां की जा रही हैं। नगर के सभी वार्डों में 13 से 17 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त मृणाल मीणा ने बताया कि आमजनता की सुविधा के लिए रीवा शहर के प्रमुख स्थानों में तिरंगे उपलब्ध कराए गए हैं। धोबिया टंकी, सिरमौर चौराहा, कालेज चौराहा एवं समान तिराहे में आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा तिरंगा बिक्री केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें निर्धारित राशि देकर तिरंगे प्राप्त किए जा सकते हैं।

नगर निगम कार्यालय तथा नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों में भी तिरंगे उपलब्ध हैं। निर्धारित सहयोग राशि देकर आमजनता तिरंगे प्राप्त कर सकती है। हर घर तिरंगा अभियान हम सबको राष्ट्रप्रेम की भावना प्रकट करने का अवसर दे रहा है। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किए जा रहे अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्र के गौरव के प्रतीक तिरंगे को अपने घरों में फहराकर हम सब इस महत्वपूर्ण अभियान में भागीदार बनें। सभी सामाजिक संगठन, व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा स्वयंसेवी संस्थाएं भी इस अभियान से जुड़कर आमजनों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *