मुख्यमंत्री ने रीवा जिले के किसानों को 16 करोड़ 67 लाख की फसल बीमा राशि जारी की

प्रदेश में पिछले 22 महीनों में किसानों के खाते में 173737 करोड़ प्रदान किए गए
सिंचाई विस्तार से जिले की 80 प्रतिशत भूमि सिंचित हो जाएगी – सांसद श्री मिश्र

रीवा 12 फरवरी 2022. करहिया कृषि उपज मंडी में किसानों को फसल बीमा वितरण का समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बैतूल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होकर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा जिले के किसानों को 16 करोड़ 67 लाख रुपए की बीमा राशि सिंगल क्लिक से जारी की। इससे जिले के 14 हजार 540 किसानों को फसल बीमा का लाभ मिला। कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश के 49 लाख किसानों को 7600 करोड़ रुपए की फसल बीमा राशि जारी की जा रही है। पहले किसानों को नाममात्र का मुआवजा मिलता था। हमारी सरकार ने पिछले 22 महीनों में विभिन्न योजनाओं से किसानों के खातों में एक लाख 73 हजार 737 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। इसमें फसल बीमा, उपार्जन, किसान सम्मान निधि की राशि शामिल है। सहकारी बैंकों को वित्तीय सहयोग देने के लिए 800 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। किसानों को उपार्जन के लिए 75 हजार करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया गया है। सिंचाई के विकास के लिए 66 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। पाइपलाइन के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री जी ने बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली केन बेतवा लिंक परियोजना के लिए 44 हजार करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों से कोरोना वैक्सीन के दोनों टीके लगवाने तथा हर वर्ष गांव का गौरव दिवस मनाने की अपील की।

करहिया में आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा कन्या पूजन से किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि पहले फसल हानि होने पर आरबीसी से नाममात्र की राहत राशि मिलती थी। अब किसान को फसल बीमा का लाभ देते हुए 16 करोड़ 67 लाख रुपए की राशि जिले के किसानों को दी जा रही है। सभी अऋणी किसान भी फसल बीमा अवश्य कराएं। रीवा जिले में सिंचाई का विस्तार किया जा रहा है। सिंचाई परियोजना पूरी होने पर जिले की 80 प्रतिशत जमीन सिंचित हो जाएगी। इससे जिले का कायाकल्प हो जाएगा। रीवा जिले के विकास में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने खाद के मंहगे होने पर किसानों पर कोई भार नहीं पड़ने दिया। खाद में 79 हजार करोड़ रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। सांसद ने किसानों से खेती की आधुनिक तकनीक अपनाने तथा जैविक खेती की ओर कदम बढ़ाने का आहवान किया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह ने कहा कि रीवा जिले में बाणसागर की नहरें पहुंचने के बाद खेती में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। सरकार की फसल बीमा जैसी योजनाओं से खेती में रिस्क घटा है। सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण प्रदेश को लगातार पांच कृषि कर्मण पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। किसानों की मेहनत को सरकार उपार्जन के माध्यम से उचित दाम दे रही है। समारोह में किसान बाबूलाल पटेल, कृष्ण कुमार सिंह, आदर्श प्रताप सिंह, कृष्णार्जुन उपाध्याय, सीताराम पटेल तथा अन्य किसानों को प्रतीकात्मक फसल बीमा राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अजय प्रताप सिंह, कलेक्टर मनोज पुष्प, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम अनुराग तिवारी, उप संचालक कृषि यूपी बागरी, सहायक संचालक प्रीति द्विवेदी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *