खेल अधिकारी सतना को कमिश्नर ने दिया वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस

रीवा 05 नवम्बर 2019. रीवा संभाग के कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने जिला खेल अधिकारी सतना अहमद खान को दो वार्षिक वेतन वृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने का नोटिस दिया है। खेल अधिकारी द्वारा शासन के निर्देशों का पालन न करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास करने पर नोटिस दिया गया है। यह नोटिस मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के तहत दिया गया है।
जारी नोटिस के अनुसार शासन द्वारा खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय का नियंत्रण कर्ता अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को बनाया गया है। इस आदेश का खेल अधिकारी श्री अहमद द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। उनके द्वारा स्वेच्छाचारिता से कार्य किया जा रहा है। शासन के निर्देशों के परिपालन में विभागीय कार्यों की फाइल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नहीं भेजी जा रही है। इसे गंभीर कदाचरण मानते हुये। वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस दिया गया है। नोटिस का दस दिवस में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *