सिम्बा और सिंघम अब होंगे साथ साथ

सिम्बा ने इस समय बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रखी है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी आठ फिल्में लगातार सौ करोड़ क्लब में शामिल हुई है और यह रिकॉर्ड बनाने वाले वे एकमात्र निर्देशक हैं।
रोहित जानते हैं कि दर्शक क्या चाहते हैं? यह बात उन्होंने पकड़ रखी है और हिट पर हिट फिल्में वे बनाए जा रहे हैं। सिम्बा में पहली बार उन्होंने रणवीर सिंह के साथ काम किया और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। यह पुरी जगन्नाथ की तेलुगु फिल्म ‘टेम्पर’ का हिंदी रिमेक है, हालांकि रोहित ने स्क्रिप्ट में कई परिवर्तन किए हैं और अपने हिसाब से फिल्म बनाई है।
सिम्बा में अजय देवगन भी नजर आए। उनकी एंट्री फिल्म के खास मोड़ पर होती है और दर्शक उन्हें देख उछल पड़ते हैं। किसी कलाकार का मेहमान कलाकार के रूप में कैसे उपयोग किया जा सकता है यह रोहित ने दिखाया है। वरना ज्यादातर फिल्म निर्देशक मेहमान कलाकार के रूप में स्टार को बरबाद कर देते हैं।
फिल्म में सिम्बा और सिंघम साथ में लड़ते हैं तो मजा दोगुना हो जाता है। अब यह मजा पूरी फिल्म में आ सकता है। खबर है कि रोहित एक फिल्म ऐसी प्लान कर रहे हैं जिसमें सिम्बा और सिंघम साथ में लड़ते दिखाई दें। वे मिलकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। सिम्बा की सफलता के बाद रोहित अब इसे भी सीरिज का रूप देना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि अगली फिल्म सिम्बा और सिंघम को मिल कर बनाई जाए।
Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *