प्रदेश की तरक्की के लिए खनन गतिविधियों को बढ़ाना जरूरी – श्री राजेन्द्र शुक्ल

जबलपुर में भौमिकी एवं खनिकर्म संचालनालय के नये क्षेत्रीय कार्यालय भवन का लोकार्पण

खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने खनिज के क्षेत्र में विकास की अपार संभावनायें बताते हुए कहा है कि प्रदेश की तेज गति से तरक्की हो इसके लिए यहां की धरती में छिपे खनिजों का समुचित दोहन जरूरी है। श्री शुक्ल आज यहां कटंगा में संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म के क्षेत्रीय कार्यालय के नये भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
खनिज साधन मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि शासन की नीतियों के फलस्वरूप पिछले पन्द्रह वर्षों में प्रदेश को खनिज से प्राप्त होने वाला राजस्व सात से आठ गुना तक बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पन्द्रह वर्ष पूर्व जहां मात्र पांच सौ से छह सौ करोड़ रूपये का खनिज राजस्व ही शासन को मिलता था, अब यह बढ़कर साढ़े तीन से चार हजार करोड़ रूपये हो गया है। श्री शुक्ल ने खनिज से प्राप्त होने वाले राजस्व में वृद्धि की एक वजह खनन की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से लगाई रोक को भी बताया। उन्होंने कहा कि खनिज से प्राप्त होने वाले राजस्व और बढ़े इसके लिए एक्सप्लोरेशन की गतिविधियों को भी अपेक्षित गति से बढ़ाना होगा तथा ड्रिलिंग को पांच हजार रनिंग मीटर से बढ़ाकर बीस हजार रनिंग मीटर प्रति वर्ष करना होगा।
खनिज साधन मंत्री ने इस अवसर पर जबलपुर में भौमिकी एवं खनिकर्म संचालनालय का नया क्षेत्रीय कार्यालय भवन बन जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जबलपुर और सागर संभाग के सभी तेरह जिलों में खनन की गतिविधियां बढ़ेंगी। श्री शुक्ल ने नये क्षेत्रीय कार्यालय भवन के लोकार्पण पर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी बधाई दी और प्रदेश को समृद्धशाली बनाने के लिए सक्रिय योगदान देने का आव्हान किया।
भौमिकी और खनिकर्म संचालनालय के क्षेत्रीय कार्यालय के नये भवन के लोकार्पण समारोह में, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष सिंह, क्षेत्रीय विधायक श्री अशोक रोहाणी, रीवा जनपद पंचायत के अध्यक्ष श्री के.पी. त्रिपाठी, क्षेत्रीय पार्षद श्री अमित अग्रवाल, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म श्री विनीत ऑस्टीन, क्षेत्रीय अधिकारी एस.के. पटले भी मौजूद थे। लोकार्पण समारोह के समापन पर खनिज साधन मंत्री एवं आमंत्रित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। श्री शुक्ल ने क्षेत्रीय कार्यालय के नये भवन का लोकार्पण पूरे विधि-विधान से किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन का अवलोकन कर यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *