देश का प्रत्येक गांव हुआ बिजली से रोशन

देश के लिए 28 अप्रैल, 2018 का दिन ऐतिहासिक रहा।सरकार ने समय से पहले हर गांव में बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया। गांवों के विद्युतीकरण का लक्ष्य पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत की विकास यात्रा में 28 अप्रैल, 2018 का दिन इतिहास के तौर पर याद किया जाएगा। कल हमने अपने वायदे को पूरा किया, जिससे अनेक भारतीयों की ज़िन्दगी हमेशा के लिए बदल जाएगी। मुझे खुशी है कि प्रत्येक गांव के पास अब बिजली की सुविधा है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं जमीन पर बिना थके काम करने वाले लोगों के प्रयासों और #पॉवरफुलइंडिया के सपने को हकीकत में पूरा करने वाले अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ और सभी का अभिवादन करता हूं।आने वाले सालों में भारत की पीढ़ियों को इनके प्रयासों से मदद मिलेगी।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गांवों के विद्युतीकरण के लक्ष्य को हासिल करने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हिुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक गांव में विद्युतीकरण के लिए 1000 दिनों का लक्ष्य रखा था, जिसे समय से पहले हासिल कर लिया गया है। इसके लिए ऊर्जा मंत्री आरके सिंह और उनकी टीम को बधाई।”
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने तय लक्ष्य से पहले गांवों के विद्युतीकरण का लक्ष्य पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।
अपने ट्वीट संदेश में उन्होंने कहा, “आज़ादी के 70 साल बाद देश का हर गांव आज रोशन है। यह उपलब्धि ‘संकल्प से सिद्धि’ के आह्वान को परिभाषित करती है। देशभर में बिजली पहुंचाने के वचन को समय से पहले संपन्न करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद और नए भारत की नई सिद्धि पर देशवासियों को बधाई।”